ये राज्य हो जाएं सतर्क, 5 दिन जमकर झुलसाएगी गर्मी; 42 डिग्री जा सकता है पारा

लोकसभा चुनाव की तैयारियों के बीच सियासत और तापमान दोनों का ग्राफ लगातार बढ़ता जा रहा है। अप्रैल की शुरुआत से ही तेज गर्मी अपना असर दिखाने लगी है। कई राज्यों में पारा 35 के पार पहुंच गया है। सोमवार को ही भारत मौसम विज्ञान विभाग यानी IMD जून तक प्रचंड गर्मी की संभावनाएं जता चुका है। वहीं, आगामी पांच दिनों के दौरान भी महाराष्ट्र, ओडिशा, मध्य प्रदेश समेत कई राज्यों के कुछ हिस्सों में तापमान में इजाफा देखा जा सकता है।

अगले 5 दिन इन राज्यों को सताएगी गर्मी
1 से 2 अप्रैल तक मध्य महाराष्ट्र, मराठवाड़ा, ओडिशा में 40 से 42 डिग्री पारा रह सकता है। जबकि, 2 से 3 अप्रैल केरल, माहे, तमिलनाडु, पुडुचेरी में तापमान 37- 39 डिग्री रहने की संभावनाएं हैं। 1 से 5 अप्रैल उत्तरी कर्नाटक 36 डिग्री, 3 से 5 अप्रैल रायलसीमा, पूर्वी मध्य प्रदेश, गंगीय पश्चिम बंगाल में 41-42 डिग्री, 4 से 5 अप्रैल विदर्भ, झारखंड में 39-41 डिग्री तापमान रहने के आसार हैं।

इसके अलावा 4 अप्रैल से उत्तर प्रदेश, ओडिशा, छत्तीसगढ़, झारखंड, पूर्वी मध्य प्रदेश और विदर्भ 37 डिग्री से ऊपर जा सकता है। वहीं, 5 अप्रैल से उत्तर पश्चिम, गुजरात, आंध्र प्रदेश 38 डिग्री से ऊपर रहने की संभावनाएं हैं।

चुनाव के दौरान कहर बरपाएगी गर्मी
समाचार एजेंसी पीटीआई भाषा के अनुसार, आईएमडी के महानिदेशक मृत्युंजय महापात्र ने कहा कि 2024 के आम चुनाव के दौरान बाहरी गतिविधियों में प्रत्याशित वृद्धि से लोगों के लिए लू संबंधी समस्याएं बढ़ सकती हैं। उन्होंने कहा कि अधिक जोखिम के साथ, मतदाताओं और चुनाव कर्मियों के लिए लू संबंधी स्वास्थ्य समस्याओं का खतरा बढ़ गया है। महापात्र ने कहा कि अप्रैल-जून की अवधि के दौरान देश के अधिकतर हिस्सों में अधिकतम तापमान सामान्य से अधिक रहने तथा मध्य और पश्चिमी प्रायद्वीपीय भारत में इसका सबसे बुरा असर पड़ने का अनुमान है।