लखनऊ शहर से एक चौंकाने वाला मामला सामने आया है, जिसने चारों तरफ हड़कंप मचा दिया है. असल में पूरा मामला डिफेंस एक्सपो से जुड़ा हुआ है. जो वृंदावन योजना में 10 फरवरी 2020 को आयोजित हुआ था. इसमें डिफेंस रिसर्च एंड डिवेलपमेंट ऑर्गेनाइजेशन (DRDO) में बना एक लड़ाकू हेलिकॉप्टर (चिनूक) डिस्प्ले किया गया था. यह हेलिकॉप्टर गायब हो गया है. हेलिकॉप्टर चोरी हो गया या कहां गया? इसका जवाब नगर निगम के जिम्मेदार अधिकारियों के पास नहीं हैं.
गौरतलब है कि साल 2020 में डिफेंस एक्सपो के दौरान DRDO ने स्क्रैप से बना चिनूक हेलिकॉप्टर का मॉडल एंट्री गेट के पास डिस्प्ले के लिए लगाया था. एक्सपो में दर्शकों ने हेलिकॉप्टर के इस मॉडल के साथ सेल्फियां भी ली थीं. एक्सपो खत्म होने के बाद भी हेलिकॉप्टर लोहे के मजबूत प्लैटफॉर्म पर यहां खड़ा रहा. इसकी देखभाल की जिम्मेदारी नगर निगम के पास थी.
1 साल पहले दर्ज की गई शिकायत
इस हेलिकॉप्टर के गायब होने की लिखित शिकायत अप्रैल 2023 में नगर विकास विभाग के संयुक्त सचिव कल्याण बनर्जी से की गई थी. जिसके बाद मामला सामने आया था लेकिन अभी तक इस मामले में जांच कर पता नहीं लगाया जा सके की आखिर हेलिकॉप्टर गया कहां. इस मामले पर अब नगर निगम ने पूरी तरह से चुप्पी साध ली है.
कहां गायब हो गया हेलिकॉप्टर?
फरवरी 2023 में आयोजित जी-20 समिट के कार्यक्रम से पहले निगम ने हेलिकॉप्टर का पिलर कमजोर होने और इलाके में VIP मूवमेंट का हवाला देते हुए इस हेलिकॉप्टर को हटा लिया. इसके बाद हेलिकॉप्टर का क्या हुआ किसी को पता नहीं है. शिकायत के बाद कल्याण बनर्जी ने लखनऊ नगर निगम के अफसरों से पूछा कि हेलिकॉप्टर कहां गया? उस वक्त नगर निगम जोन-8 के जोनल सेनेटरी अफसर राजेश झा ने लिखित जवाब दिया कि हेलिकॉप्टर गोमती नगर स्थित निगम के रबिश एंड रिमूवेबल (RR) कार्यशाला में मरम्मत के लिए भेजा गया है. जब मौजूदा RR चीफ मनोज प्रभात से बात की गई तो उन्होंने कहा कि ऐसा कोई भी हेलिकॉप्टर कार्यशाला में नहीं आया . न ही पूर्व में इसकी कोई एंट्री है. ऐसे में अब एक बड़ा सवाल खड़ा हो रहा है कि आखिर हेलिकॉप्टर कहां गया.(News18)