लोकतंत्र व संविधान को दरकिनार किया जा रहा है, चुप नहीं रहेगी कांग्रेस: सोनिया

रणघोष अपडेट. देशभर से 

कांग्रेस के स्थापना दिवस के मौके पर पार्टी की अध्यक्ष सोनिया गांधी ने बीजेपी व केंद्र सरकार पर जमकर हमले किए हैं। सोनिया ने कहा कि आज लोकतंत्र व संविधान को दरकिनार किया जा रहा है और ऐसे वक्त में कांग्रेस चुप नहीं रह सकती। उन्होंने कहा कि हमारी गंगा-जमुनी संस्कृति को मिटाने की कोशिश हो रही है और देश का आम नागरिक असुरक्षित महसूस कर रहा है। सोनिया ने ये बातें वीडियो संदेश जारी कर कहीं। कांग्रेस आज देश भर में अपना 137वां स्थापना दिवस मना रही है। इसकी स्थापना 1885 में हुई थी। कांग्रेस अध्यक्ष ने कहा कि कांग्रेस किसी को भी देश की विरासत को नष्ट करने की इजाजत नहीं देगी। रायबरेली से सांसद सोनिया ने कहा कि कांग्रेस देश विरोधी ताकतों के खिलाफ संघर्ष करेगी और हर कुर्बानी देगी। उन्होंने कांग्रेस नेताओं से अपील की कि वे कांग्रेस संगठन को मजबूत बनाने के लिए आगे आएं।

चुनौतियों का अंबार 

कांग्रेस के सामने राजनीतिक लिहाज से बहुत चुनौतियां हैं। पार्टी दो बार लगातार लोकसभा का चुनाव हार चुकी है और कई राज्यों में अपनी सरकार खो चुकी है। कांग्रेस को बीजेपी के अलावा टीएमसी, आम आदमी पार्टी समेत तमाम विपक्षी दलों से भी चुनौती मिल रही है। कांग्रेस ने देश में लंबे वक्त तक एकछत्र शासन किया है लेकिन ताजा हालात में वह बेहद कमजोर दिखाई देती है। 

पांच राज्यों के चुनाव 

पांच राज्यों के विधानसभा चुनाव के रूप में कांग्रेस के सामने एक बड़ी चुनौती है। उत्तर प्रदेश में प्रियंका गांधी पूरा जोर लगा रही हैं और देखना होगा कि पार्टी का प्रदर्शन उत्तर प्रदेश सहित तमाम चुनावी राज्यों में कैसा रहता है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *