शरद पवार ‘व्यस्त’, I.N.D.I.A की मुंबई बैठक अब सितंबर में?

रणघोष अपडेट. देशभर से 

एनसीपी प्रमुख शरद पवार के पीएम मोदी के साथ मंच साझा करने की खबरों के बीच खबर आई है कि मुंबई में अगस्त में होने वाली बैठक आगे सरक सकती है। विपक्षी गठबंधन I.N.D.I.A की तीसरी बैठक, जो 25-26 अगस्त को मुंबई में होने वाली थी, कुछ नेताओं की अनुपलब्धता के कारण सितंबर तक स्थगित होने की खबर है। न्यूज एजेंसी पीटीआई ने सूत्रों के हवाले से बताया कि अगली बैठक सितंबर के पहले हफ्ते में होने की उम्मीद है। बैठक की तारीख बाद में घोषित की जाएगी। पीटीआई ने मुंबई में एक वरिष्ठ विपक्षी नेता के हवाले से बताया कि “25-26 अगस्त अभी भी विचाराधीन है, लेकिन हम यह तय करने के लिए कुछ तारीखें भी देख रहे हैं ताकि हर कोई मौजूद हो।”भाजपा के नेतृत्व वाले एनडीए को चुनौती देने के लिए बने 26 दलों के गठबंधन की इससे पहले 17-18 जुलाई को बेंगलुरु में बैठक हुई थी। इंडिया गठबंधन की पहली बैठक 12 जून को बिहार के पटना में हुई थी।बेंगलुरु बैठक की मेजबानी कांग्रेस ने की थी और पटना की मेजबानी जनता दल (यूनाइटेड) ने की थी। मुंबई में बैठक की मेजबानी महा विकास अघाड़ी (एमवीए) के सहयोगियों-शिवसेना (यूबीटी), राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी (एनसीपी) के शरद पवार गुट और कांग्रेस द्वारा की जाएगी।

विपक्षी सूत्रों ने कहा कि एनसीपी प्रमुख शरद पवार सहित प्रमुख हस्तियां 25-26 अगस्त को उपलब्ध नहीं होंगी। पूरे महाराष्ट्र में पवार का राजनीतिक दौरा अगस्त के मध्य में शुरू होगा। महाराष्ट्र में विपक्षी गठबंधन एमवीए के अन्य सहयोगी भी पार्टी कार्यक्रमों में व्यस्त रहेंगे। उन्होंने कहा, “जहां तक ​​हमें बताया गया है, शिवसेना बैठक की तारीखों पर तालमेल बैठा रही है। हमें बताया गया कि यह 25-26 अगस्त है। अब, हमने सुना है कि शरद पवार उन दिनों उपलब्ध नहीं हैं। 26 दलों के साथ समन्वय, कुछ भी असामान्य नहीं है। एक अन्य विपक्षी नेता ने पीटीआई को बताया, “जब पटना बैठक की योजना बनाई जा रही थी तब भी हमें इस मुद्दे का सामना करना पड़ा था। तब भी तारीख बदली थी।”