सरकार तो 272 में भी बन जाती है लेकिन…लल्लू सिंह का VIDEO वायरल, संविधान संशोधन पर क्या कह गए फैजाबाद सांसद?

लोकसभा चुनाव को लेकर इन दिनों सत्ता पक्ष और विपक्ष के नेता जगह-जगह जनसभा और नुक्कड़ सभाएं कर रहे हैं। जनता को संबोधित करने के दौरान ये नेता कई बार कुछ ऐसा बोल जाते हैं जो चर्चा का विषय बन जाता है। ऐसा ही एक मामला यूपी के फैजाबाद जिले से सामने आया है। यहां के भाजपा सांसद लल्लू सिंह का ऐसा ही एक वीडियो तेजी से वायरल हो रहा है, जिसमें उन्होंने विवादित बयान दे डाला। हालांकि वीडियो कब का और कहां है इस बात की अभी पुष्टि नहीं हो पाई है। सोशल मीडिया पर वायरल हुए वीडियो में लल्लू सिंह कह रहे हैं कि संविधान में संशोधन करना होगा और बहुत सारे काम करने हैं। लल्लू सिंह बोले, सरकार तो 272 सीटों पर ही बन जाती है, लेकिन संविधान संशोधन करने के लिए दो तिहाई सीटों की जरूरत होती है। लल्लू सिंह के इस बयान का जब वीडियो वायरल हुआ तो विपक्षी पार्टियों ने भी उन्हें घेरते हुए भाजपा पर निशाना साधा।

क्या बोले अखिलेश यादव

सोशल मीडिया पर वायरल हुए सांसद लल्लू सिंह के विवादित बयान का वीडियो अखिलेश ने अपने ट्वीट हैंडल से ट्वीट करते हुए लिखा, PDA भाजपा को मिलकर हराएगा क्योंकि भाजपा पिछड़ों, दलितों, अल्पसंख्यकों को मिले आरक्षण को, नया संविधान बनाकर ख़त्म करना चाहती है। भाजपा जनता की सेवा या कल्याण के लिए नहीं बल्कि बाबा साहेब भीमराव अम्बेडकर जी द्वारा बनाए संविधान को बदलने के लिए जीतना चाहती है। सदियों से 4-5% प्रभुत्ववादी सोच के लोग 90-95% लोगों को अपना गुलाम बनाए रखना चाहते हैं। इसीलिए इस बार पिछड़े, दलित, अल्पसंख्यक मिलकर भाजपा को हराएंगे और संविधान व आरक्षण को बचाएंगे। चुनाव आयोग ऐसे बयानों का तुरंत संज्ञान ले क्योंकि संविधान को मूलभूत रूप से बदलने की बात करने से बड़ा लोकतांत्रिक उल्लंघन और क्या हो सकता है। जनता पूछ रही है हमारे अधिकारों के खात्मे की साज़िश क्या आचार संहिता का उल्लंघन नहीं है?

कांग्रसे ने भी भाजपा को घेरा

संविधान संशोधन को लेकर दिए गए सांसद लल्लू सिंह के बयान पर सपा के अलावा कांग्रेस ने भी भाजपा को घेरा। यूपी कांग्रेस ने सोशल मीडिया एक्स पर वीडियो शेयर करते हुए लिखा, आज पूरा देश संविधान निर्माता डॉ. भीमराव अंबेडकर की 133 वीं जयंती मना रहा है और BJ Party संविधान बदलने के तरीके ढूंढ रही है। मासूम आमजन BJ Party ने अपनी तानाशाही का प्रमाण तो दे दिया है। किस तरह से इस तानशाह सरकार ने सब कुछ बेचकर देश को खोखला बना दिया है। BJ Party ने इस बार तो अति कर दी है,यह सरकार अब जनता से उनका अधिकार भी छीन लेगी और भी बहुत कुछ क्योंकि BJ Party खुलेआम कह रही है, यदि सरकार बनी तो हम संविधान बदल देंगे।