सीडब्ल्यूसीः सोनिया गांधी ही करेंगी कांग्रेस का नेतृत्व, 2024 के लोकसभा चुनाव समेत आगामी चुनावों के लिए पार्टी तैयार

 रणघोष अपडेट. देशभर से 

कांग्रेस ने कहा कि पार्टी 2024 के लोकसभा चुनाव समेत आगामी चुनावों में चुनावी चुनौतियों का सामना करने के लिए पूरी तरह तैयार है। कांग्रेस कार्य समिति (सीडब्ल्यूसी) ने सर्वसम्मति से सोनिया गांधी के नेतृत्व में अपने विश्वास जताया और उनसे आग्रह किया कि वे पार्टी को मजबूत करने के लिए जरूरी बदलाव करें। सीडब्ल्यूसी ने हालिया विधानसभा चुनावों में हार के संदर्भ में ‘खामियों’ को स्वीकार करते और नतीजों पर गंभीर चिंता प्रकट करते हुए फैसला किया कि जल्द ही एक ‘चिंतन शिविर’ का आयोजन किया जाएगा जिसमें आगे की रणनीति तैयार की जाएगी।

कांग्रेस की अंतरिम अध्यक्ष सोनिया गांधी ने अपने भाषण में कहा कि अगर पार्टी को लगता है कि हम तीनों (खुद, राहुल गांधी, प्रियंका गांधी वाड्रा) को इस्तीफा दे देना चाहिए तो हम इसके लिए तैयार हैं, लेकिन सीडब्ल्यूसी ने सर्वसम्मति से इसे खारिज कर दिया।राजस्थान के मुख्यमंत्री अशोक गहलोत ने सीडब्ल्यूसी की बैठक में सुझाव दिया कि कांग्रेस अपने राज्य में ‘चिंतन शिविर’ आयोजित करे। पार्टी के संगठन महासचिव केसी वेणुगोपाल ने कहा कि संसद के बजट सत्र के तत्काल बाद ‘चिंतन शिविर’ का आयोजन होगा। कांग्रेस के मुख्य प्रवक्ता रणदीप सुरजेवाला ने बताया कि हर नेता ने सोनिया गांधी के नेतृत्व में विश्वास जताया और संगठनात्मक चुनाव संपन्न होने तक उनसे अध्यक्ष पद पर बने रहने का आग्रह किया। उन्होंने कहा कि बैठक में हर चुनावी राज्य के प्रभारियों एवं वरिष्ठ नेताओं ने सीडब्ल्यूसी के समक्ष रिपोर्ट पेश की।पार्टी की कार्यसमिति की बैठक के बाद कांग्रेस नेता मल्लिकार्जुन खड़गे ने कहा कि कांग्रेस की अंतरिम अध्यक्ष सोनिया गांधी ही हमारा नेतृत्व करेंगी और भविष्य में कदम उठाएंगी. हम सभी को उनके नेतृत्व पर भरोसा है। कांग्रेस के वरिष्ठ नेता शशि थरूर ने रविवार को कहा कि देश में कांग्रेस आज भी सबसे विश्वसनीय विपक्षी दल है और इसलिए इसमें सुधार तथा नई जान फूंकना जरूरी है। गोवा के प्रभारी दिनेश गुंडू राव ने कहा कि सोनिया गांधी पार्टी की अध्यक्ष बनी रहेंगी। 5 राज्यों के चुनाव को लेकर हुई विस्तृत चर्चा हमने चर्चा की कि चीजों को कैसे आगे बढ़ाया जाए और हम आगामी चुनावों की तैयारी कैसे करें।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *