सोनाली फोगाट: क्लब का मालिक सहित 4 गिरफ्तार, ड्रग्स बरामद

रणघोष अपडेट. गोवा से


टिक टॉक स्टार और हरियाणा बीजेपी की नेता सोनाली फोगाट की मौत के मामले में गोवा पुलिस ने एक स्थानीय क्लब के मालिक को गिरफ्तार कर लिया है। साथ ही एक ड्रग पेडलर की भी गिरफ्तारी हुई है। इस मामले में अब तक 4 लोगों को गिरफ्तार किया जा चुका है। पुलिस ने क्लब के वॉशरूम से ड्रग्स भी बरामद की है। सोनाली ने इस रेस्तरां-कम-नाइट क्लब में पार्टी की थी।इससे पहले पुलिस ने इस मामले में सोनाली के दो सहयोगियों सुधीर सांगवान और सुखविंदर वासी को गिरफ्तार किया था। सोनाली के भाई रिंकू ढाका ने बुधवार को अंजुना पुलिस में दर्ज कराई गई शिकायत में इन दोनों के नाम लिखे थे। सांगवान और वासी 22 अगस्त को फोगाट के साथ गोवा पहुंचे थे।गोवा पुलिस ने शुक्रवार को कहा था कि सोनाली फोगाट को मौत से पहले जहरीला केमिकल दिया गया था। गोवा पुलिस की पोस्टमार्टम रिपोर्ट में कहा गया था कि सोनाली के शरीर पर चोट के कई निशान थे। शुक्रवार शाम को गमगीन माहौल में सोनाली का अंतिम संस्कार कर दिया गया था। गोवा पुलिस ने कहा है कि क्लब के मालिक को इसलिए गिरफ्तार किया गया है क्योंकि क्लब से ड्रग्स बरामद हुई है। पुलिस इस बात की जांच कर रही है कि सोनाली फोगाट को आखिर क्या पिलाया गया। पुलिस ने कहा कि लैब की रिपोर्ट आने के बाद पता चलेगा कि यह ड्रग्स किस तरह की है।