सोनीपत नगर निगम कमीश्नर धमेंद्र सिंह गिरफ्तार

रणघोष अपडेट. सोनीपत. फरीदाबाद

 हरियाणा के इतिहास में पहली बार बड़े स्तर पर भ्रष्टाचार के मामलों में अफसरशाही पर कार्रवाई जारी है। सोमवार रात एसआईटी ने हरियाणा के फरीदाबाद स्थित नगर निगम में एडिशनल कमिश्नर रहे आईएएस अधिकारी धर्मेंद्र सिंह को एसआईटी ने गुरुग्राम स्थित उनके घर से गिरफ्तार कर लिया है। उनका नाम निगम में हुए 1.11 करोड़ रुपए के करप्शन केस में सामने आया था। वर्तमान में  आईएएस धर्मेन्द्र सिंह सोनीपत नगर निगम कमिश्नर के साथ हरियाणा भवन के एडिशनल रेजिडेंट कमिश्नर का पदभार भी संभाल रहे हैं। दैनिक भास्कर की खबर के अनुसार नई दिल्ली निवासी मैसर्स हरचंद दास गुप्ता कंस्ट्रक्शन कंपनी के मालिक ललित मित्तल ने जून 2022 में फरीदाबाद कोतवाली थाना में 1.11 करोड़ रुपए हड़पने की FIR दर्ज कराई थी। ये पैसे सरकारी ठेका दिलाने की एवज में पंकज गर्ग, आरबी शर्मा, जेके भाटिया द्वारा लिए गए थे। उसे फरीदाबाद नगर निगम में ठेका दिलाने की बात कही गई थी। उसके लिए आरोपियों ने अधिकारियों से सेटिंग होने का हवाला भी दिया।साथ ही बताया कि दिए हुए पैसे अधिकारियों को दिए गए हैं। ललित मित्तल को किसी तरह का ठेका नहीं मिला तो उसने शिकायत दर्ज कराई।

IAS अधिकारी की भूमिका सामने आई
इस पूरे मामले में कोतवाली थाना में एफआईआर दर्ज होने के बाद पुलिस के उच्च अधिकारियों ने एसीपी विष्णु प्रसाद के नेतृत्व में एसआईटी  गठित की थी। एसआईटी ने कार्रवाई करते हुए देर रात धर्मेंद्र सिंह को उनके गुरुग्राम स्थित घर से गिरफ्तार किया है।

जिस समय यह मामला उजागर हुआ उस वक्त धर्मेन्द सिंह नगर निगम में एडिशनल कमिश्नर थे। धर्मेंद्र सिंह फिलहाल सोनीपत नगर निगम कमिश्नर के साथ हरियाणा भवन के एडिशनल रेजिडेंट कमिश्नर का पदभार भी संभाल रहे हैं।

सोनीपत में भी लग चुके आरोप
पुलिस को सोनीपत में नगर निगम आयुक्त रहते हुए एक इमारत के निर्माण में भी गड़बड़ी करने की जानकारी मिली। उन्होंने 52 करोड़ के टेंडर की राशि को बढ़ाकर 87 करोड़ कर दिया था। एसआईटी ने इसकी जांच तकनीकी टीम से कराई। जांच में घोटाले की कड़ियां जोड़ने के बाद उनकी गिरफ्तारी की गई है।

3 आईएएस निशाने पर
फरीदाबाद नगर निगम में बगैर काम कराए 200 करोड़ रुपए के भुगतान का घोटाला सामने आ चुका है। एंटी करप्शन ब्यूरो दो चीफ इंजीनियर, एक ठेकेदार समेत अन्य को गिरफ्तार भी कर चुकी है। इसमें नगर निगम के पूर्व आयुक्तों की जांच चल रही है। ब्यूरो की टीम इनका बयान ले चुकी है। इस मामले में संबंधित अधिकारियों के कार्यकाल में हुए कार्यों की जानकारी के साथ उन्हें जांच में शामिल किया जा रहा है। फिलहाल 3 आईएएस अधिकारी रडार पर है।फरीदाबाद पुलिस के प्रवक्ता सूबे सिंह ने बताया कि आईएएस अधिकारी धर्मेंद्र सिंह को भ्रष्टाचार के एक मामले में गिरफ्तार किया गया है। बीती रात नागरिक अस्पताल बादशाह खान में उनका मेडिकल करवाया गया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *