स्मृति शेष.. विक्रम यादव समाजसेवी- व्यवसायी

यकीन नहीं होता दूसरों में हिम्मत पैदा करने वाला अंदर से इतना टूट चुका था


रणघोष खास. रेवाड़ी


नारनौल- रेवाड़ी मार्ग पर स्थित एक ऐसा घर जहां से एक बेटी संतोष यादव ने विश्व की सबसे ऊंची चोटी माउंटएवरेस्ट पर फतेह हासिल कर रेवाड़ी का नाम पूरे विश्व के मानचित्र पर अंकित कर दिया। इसी घर से निकले एडवोकेट मिंद्रजीत सिंह यादव  पंजाब- हरियाणा बार कौसिंल के वर्तमान मे प्रधान है। एक ऐसा परिवार जो अपने मिजाज से जाना जाता था। जिसकी अपनी छाप थी। उसी परिवार में सबसे बड़े विक्रम यादव जिसकी आवाज में कभी कमजोरियत नजर नहीं आती थी। सामने वाले में हौसला भरना उनमें आता था। फ्रंट में आकर आमना सामना करने की उनकी स्टाइल से सभी वाकिफ थे। ईंट भट्‌ठों से लेकर अनेक व्यवसायों में उनकी भागेदारी रहती थी। कुल मिलाकर एक ऐसा परिवार जो किसी भी क्षेत्र में परिचय का मोहताज नहीं था। अपने दम पर आगे बढ़कर पहचान बनाईं। मंगलवार सुबह एक खबर ने क्षेत्र को हैरत में डाल दिया कि परिवार के सबसे मजबूत शख्स 57 साल के विक्रम यादव ने खुद को घर में गोली मार ली। मौके पर सुसाइड नोट मिला है जिसमें कुछ लोगों के नाम भी लिखे गए हैं। मिली जानकारी के अनुसार विक्रम यादव अलग अलग कारणों से आर्थिक तौर पर टूट चुके थे। वे इतना कमजोर हो गए थे यह किसी को नहीं पता था। उनके करीब दोस्त हैरान है कि विक्रम यादव जिंदगी से इस तरीके से विदा ले सकता है। यकीन नहीं होता। उससे जब भी बात होती थी वह जिंदा दिली से बात करता था। हालांकि अभी पुलिस जांच से असल सच का आना बाकी है। इतना जरूर है कि विक्रम यादव की घटना ने यह बता दिया है कि जिंदगी के मायने को समझना अब हर किसी के लिए जरूरी है। सामने जो मुस्करा रहा है, हंस रहा है। इसका मतलब यह हरगिज नहीं की वह जिंदगी के शानदार लम्हा को जी रहा है। यह भी हो सकता है कि वह दिलों दिमाग में दौड़ रहे दर्द को छिपाने के लिए झूठी हंसी का सहारा ले रहा हो। इस घटना ने बता दिया  की ना चाहते हुए भी  जिंदगी को कभी कभी बनावट के वसूलों से भी गुजरना पड़ता है। यह घटना हर उस शख्स के लिए सबक है जो जिंदगी को गलती से स्टेटस प्रोफाइल समझ लेते हैं। शायद विक्रम यादव इस बात को समझने में देर कर गए। इसलिए तो उनके इस तरह जाने पर अभी भी किसी को भरोसा नहीं हो रहा है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *