स्वामित्व योजना सरकार की महत्वपूर्ण योजना: एसीएस

राजस्व विभाग के अतिरिक्त मुख्य सचिव संजीव कौशल ने शनिवार को स्वामित्व योजना की वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से प्रदेश के सभी उपायुक्तों से समीक्षा की। एसीएस ने कहा कि स्वामित्व योजना सरकार की महत्वपूर्ण योजना है, जिसके लिए सभी को निर्धारित समय अवधि में पूरा करना है। डीसी यशेन्द्र सिंह ने अतिरिक्त मुख्य सचिव को बताया कि अब तक 153 गांवों के डाटा सर्वे करके भेज दिए गए हैं। डीसी ने कहा कि 30 गांवों के सर्वे ऑफ इंडिया से दूसरे स्तर के नक्शे प्राप्त हो चुके हैं जिनमें से 13 गांवों में पहले डीड वितरण का कार्य किया जा चुका है तथा बाकी 17 गांवों के लिए कार्यवाही की जा रही है। उन्होंने एफसीआर को बताया कि निर्धारित समय में रेवाड़ी जिला के प्राप्त सभी नक्शों का सर्वे करवाकर सर्वे ऑफ इंडिया को भेज दिया जाएगा। उन्होंने बताया कि रेवाड़ी जिला में लाल डोरे का ड्रोन फ्लाईंग का कार्य सरकार द्वारा निर्धारित समय सीमा में पूरा कर लिया गया है। उन्होंने बताया कि 19 गांवों का सर्वें करवाकर डाटा सर्वे ऑफ इंडिया को भेजे जा चुके हैं, तथा 15 मार्च तक मैप सर्वे का काम पूरा कर लिया जाएगा। देशभर में स्वामित्व योजना लागू की गई है, जिसके तहत लाल डोरा के अंदर की जमीन की रजिस्ट्री कराई जा रही है। इससे जमीन के मालिकों को उनका वास्तविक हक प्राप्त होगा और जमीन की रजिस्ट्री होने से भू-स्वामी अनेक प्रकार की ऋण संबंधी योजनाओं का लाभ भी ले सकता है। इस अवसर पर जिला राजस्व अधिकारी विजय यादव, डीडीपीओ हरिप्रकाश बंसल, बीडीपीओ नीरज, पंचायत विभाग के देवेन्द्र भी उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *