हरियाणा: 26 जुलाई तक बढ़ा कोरोना लॉकडाउन, प्रतिबंधों में मिली और ढील

हरियाणा सरकार ने रविवार को राज्य में कोरोना वायरस लॉकडाउन को एक और सप्ताह 26 जुलाई तक के लिए बढ़ा दिया है। लॉकडाउन बढ़ाने के ऐलान के साथ-साथ प्रतिबंधों में पहले से दी गई छूट भी जारी रहेगी। राज्य में रेस्टोरेंट, बार और क्लब को रात 11 बजे तक तक खोलने की अनुमति दी गई है। 

मुख्य सचिव विजय वर्धन की ओर से जारी निर्देश के अनुसार महामारी अलर्ट सुरक्षित हरियाणा में 19 जुलाई (सुबह 5 बजे) से 26 जुलाई (सुबह 5 बजे तक) के लिए आगे बढ़ा दिया है। मुख्य सचिव की ओर से जारी आदेश के अनुसार होटल, मॉल सहित रेस्टोरेंट और बार को 50 प्रतिशत बैठक की क्षमता के साथ सुबह 10 बजे से रात 11 बजे तक खोलने की अनुमति है। 

11 बजे तक होम डिलीवरी की सुविधा

इसके साथ ही रात 11 बजे तक होटलों को होम डिलीवरी की अनुमति है। इसमें कहा गया है कि जिम को 50 प्रतिशत क्षमता के साथ सुबह छह बजे से रात 9 बजे तक खोलने की अनुमति है। इसके अलावा राज्य में सोशल डिस्टेंसिंग, और साफ-सफाई और कोविड-19 मानदंड़ों का सख्ती से पालन करना होगा।

1वीं बार आगे बढ़ाया गया लॉकडाउन

राज्य में सप्ताह के सभी दिनों में रात 11 बजे से सुबह 5 बजे तक नाइट कर्फ्यू रहेगा। पहले इसका समय रात 10 बजे से सुबह 5 बजे तक था। इस बीच, दुकानें, मॉल, रेस्टोरेंट, धार्मिक स्थल, कॉर्पोरेट कार्यालय खोलने के संबंध में लॉकडाउन में ढील पहले की तरह जारी रहेगी। बता दें कि हरियाणा सरकार की ओर से 3 मई को राज्य में कोरोना लॉकडाउन लगाया गया था। यह 11वीं बार है जब हरियाणा सरकार ने राज्य में लॉकडाउन को बढ़ाने का फैसला लिया है।

 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *