18 महीने में 16 गिरफ्तार, दिल्ली शराब घोटाले में अब तक कौन-कौन पहुंचा जेल

दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल को प्रवर्तन निदेशालय ने कथित शराब घोटाला मामले में बीती रात पूछताछ के बाद गिरफ्तार कर लिया।  केजरीवाल की गिरफ्तारी दिल्ली हाई कोर्ट से उत्पाद शुल्क नीति से जुड़े धनशोधन के पहलू की जांच के सिलसिले में किसी भी तरह की सुरक्षा देने से इनकार करने के कुछ घंटों बाद हुई है। इस मामले में यह 16वीं गिरफ्तारी है।

एक सप्ताह पहले ही 15 मार्च को ईडी ने तेलंगाना के पूर्व मुख्यमंत्री के चंद्रशेखर राव की बेटी और भारत राष्ट्र समिति (BRS) की नेता के कविता को हैदराबाद गिरफ्तार किया था। उन पर भी मनी लॉन्ड्रिंग के आरोप हैं। दिल्ली शराब घोटाले में मनीष सिसोदिया और संजय सिंह को ईडी पहले ही गिरफ्तार कर चुकी है। इस मामले में अब चौथी हाई प्रोफाइल गिरफ्तारी की गई है। इनन नेताओं को PMLA के सेक्शन 3 और सेक्शन 4 के तहत मनी लॉन्ड्रिंग के आरोप में गिरफ्तार किया गया है।

कथित शराब घोटाला मामले में पहली गिरफ्तारी 2022 में हुई थी। तब ईडी ने समीर महेंद्रू को 28 सितंबर 2022 को गिरफ्तार किया था। महेंद्रू देश के बड़े शराब कारोबारी हैं। महेंद्रू पर आरोप है कि उसने कथित खराब घोटाला के में दो भुगतान किए थे। इनमें से पहला दिल्ली के तत्कालीन उप मुख्यमंत्री मनीष सिसोदिया के करीबी सहयोगी दिनेश अरोड़ा को एक करोड़ रुपये दिए गए थे जबकि दूसरा भुगतान गुरुग्राम स्थित कथित बिचौलिए अर्जुन पांडे को लगभग 2 से 4 करोड़ रुपये दिए गए थे। एजेंसी का दावा है कि पांडे ने विजय नायर के कहने पर रुपयों की वसूली की थी।

अब तक किस-किस की हो चुकी गिरफ्तारी?
कथित दिल्ली शराब घोटाला केस में अब तक समीर महेंद्रू, पी शरत चंद्र रेड्डी, बिनॉय बाबू, विजय नायर, अभिषेक बोइनपल्ली, अमित अरोड़ा को गिरफ्तार कर चुकी है। ये गिरफ्तारियां 2022 में हुई हैं। इनके अलावा 2023 में ईडी ने गौतम मल्होत्रा, राजेश जोशी, राघव मगुंटा, अमन धाल, अरुण पिल्लई, मनीष सिसोदिया, दिनेश अरोड़ा और संजय सिंह को गिरफ्तार किया है। 2024 में अब तक केजरीवाल की दूसरी गिरफ्तारी है।