बांकीपुर में भाजपा की हार के बाद पीएम मोदी से मिले नीतीश, ललन सिंह और संजय झा भी साथ

बिहार की बांकीपुर विधानसभा सीट पर भारतीय जनता पार्टी (BJP) की करारी हार के बाद प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से पूर्व मुख्यमंत्री नीतीश कुमार की मुलाकात हुई है। भाजपा की सहयोगी पार्टी जनता दल यूनाइटेड के राष्ट्रीय अध्यक्ष नीतीश ने मंगलवार को नई दिल्ली स्थित संसद भवन परिसर में पीएम से उनके चैंबर में मुलाकात की। इस दौरान केंद्रीय मंत्री ललन सिंह और जदयू के कार्यकारी अध्यक्ष संजय झा भी मौजूद रहे। नीतीश ने इसे शिष्टाचार भेंट बताया है। हालांकि, बांकीपुर उपचुनाव में भाजपा की हार के बाद यह मुलाकात सियासी गलियारों में चर्चा का विषय बनी हुई है।

रिपोर्ट्स में सूत्रों के हवाले से कहा जा रहा है कि पीएम मोदी और नीतीश कुमार ने एक दिन पहले जारी हुए पटना शहर की बांकीपुर सीट पर उपचुनाव के नतीजों पर भी चर्चा की। हालांकि, भाजपा या जदयू में किसी भी दल की ओर से इसकी पुष्टि नहीं की गई है।

पीके ने भाजपा को बड़े अंतर से हराया

भाजपा का गढ़ मानी जाने वाली बांकीपुर सीट पर उपचुनाव में जन सुराज पार्टी के प्रशांत किशोर ने 19 हजार से अधिक वोटों के अंतर से जीत दर्ज की है। वहीं, भाजपा के कैंडिडेट नीरज कुमार सिन्हा को हार का सामना करना पड़ा।

भाजपा ने खोई नितिन नवीन की सीट

यह सीट भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन के इस्तीफे से खाली हुई थी, जो लगातार पांच बार यहां से विधायक रहे। नितिन के भाजपा अध्यक्ष बनने के बाद उन्हें पार्टी ने राज्यसभा भेज दिया था, जिसके बाद मार्च 2026 में उन्होंने विधायक पद से इस्तीफा दे दिया था।

एनडीए ने एकजुट होकर बांकीपुर में प्रचार किया

बांकीपुर उपचुनाव के दौरान एनडीए ने एकजुटता दिखाई थी। जदयू, लोजपा (रामविलास) समेत सभी घटक दलों के नेताओं, मंत्रियों, विधायक-सांसदों ने मिलकर भाजपा कैंडिडेट के समर्थन में प्रचार किया था।

नीतीश के वीडियो पर सियासत

जदयू अध्यक्ष नीतीश कुमार ने भी भाजपा कैंडिडेट नीरज कुमार सिन्हा के लिए वोट की अपील करते हुए वीडियो जारी किया था। इस पर खूब राजनीति भी हुई। प्रशांत किशोर ने नीतीश के वीडियो को एआई जेनरेटेड करार दिया था था, जिसके बाद जदयू के नेता उनके खिलाफ एफआईआर दर्ज कराने पुलिस थाने पहुंच गए।

बांकीपुर उपचुनाव रिजल्ट

बांकीपुर में उपचुनाव के लिए 30 जुलाई को मतदान हुआ था। 3 अगस्त को मतगणना के बाद नतीजे घोषित हुए। जन सुराज पार्टी के प्रशांत किशोर ने शुरुआत से ही बढ़त बनाए रखी और आखिरी तक लीड में रहकर जीत गए। पीके को कुल 64151 वोट मिले। जबकि भाजपा के नीरज सिन्हा 44827 वोट ही हासिल कर पाए। आरजेडी की रेखा गुप्ता 14273 मत ही बटोर पाईं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *