लैपटॉप ठप होने से बैंक, फ्लाइट्स और कंपनियां ठप, दिल्ली से वॉशिंगटन तक कामकाज प्रभावित

माइक्रोसॉफ्ट विंडोज में तकनीकी समस्या के चलते दुनिया भर में बड़ी संख्या लैपटॉप्स और कंप्यूटर बंद हो गए। इसका असर कामकाज पर पड़ा है तो वहीं लोगों का आवागमन भी ठप हो गया है। बैंकों, फ्लाइट्स, मीडिया संस्थानों और अन्य तमाम कंपनियों के कामकाज पर असर पड़ा है। हालात ऐसे हो गए कि सिडनी एयरपोर्ट पर कामकाज ही ठप हो गया और काफी देर तक उड़ानें प्रभावित रहीं। माइक्रोसॉफ्ट का बयान आया है और उसका कहना है कि हम समस्या को हल करने की कोशिश में जुटे हैं। कंपनी ने कहा कि माइक्रोसॉफ्ट 365 के ऐप्स पर लोग एक्सेस नहीं कर पा रहे हैं।

डाउन डिटेक्टर वेबसाइट के मुताबिक इस आउटेज का असर वीजा, ऐमजॉन, एडीटी सिक्योरिटी जैसी कंपनियों पर पड़ा है। इसके अलावा अमेरिकन एयरलाइंस और डेल्टा पर भी असर दिखा है। हालात ऐसे हो गए कि दिल्ली के इंदिरा गांधी इंटरनेशनल एयरपोर्ट पर बोर्डिंग पास हाथ से लिखकर जारी करने पड़े। इसकी वजह यह थी कि वहां लैपटॉप्स नहीं चल रहे थे। ऑस्ट्रेलिया में कई एयरलाइन कंपनियों, टेलिकॉम कंपनियों,बैंकों और मीडिया संस्थानों के कामकाज पर असर पड़ा है। इन संस्थानों में लोग लैपटॉप्स पर एक्सेस नहीं कर पा रहे हैं। हालांकि न्यू जीलैंड में बैंकों में कामकाज जारी रहा। इसकी वजह थी कि वहां कुछ बैंक अब भी ऑफलाइन काम करते हैं।