Big Breaking News :- Congress List: जुलाना से विनेश फोगाट, किलोई से भूपेंद्र सिंह हुड्डा; हरियाणा के लिए कांग्रेस की पहली लिस्ट आई

Congress Haryana List: आगामी हरियाणा विधानसभा चुनाव के लिए कांग्रेस ने शुक्रवार को पहली लिस्ट जारी कर दी है। लिस्ट में 31 उम्मीदवारों के नामों का ऐलान किया गया है। राज्य की सभी 90 सीटों पर पांच अक्टूबर को एक ही चरण में वोट डाले जाएंगे, जबकि आठ अक्टूबर को नतीजों का ऐलान होगा। कांग्रेस से पहले हरियाणा में बीजेपी भी 67 उम्मीदवारों वाली पहली लिस्ट जारी कर चुकी है। इस लिस्ट में मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी, अनिल विज समेत कई दिग्गजों के नाम शामिल थे।

कांग्रेस की 31 उम्मीदवारों के नामों वाली सूची में आज ही पार्टी में शामिल हुईं विनेश फोगाट को जुलाना सीट से मैदान में उतारा गया है, जबकि पूर्व मुख्यमंत्री भूपेंद्र सिंह हुड्डा गढ़ी सांपला-किलोई सीट से ही चुनाव लड़ेंगे। इसके अलावा, कालका से प्रदीप चौधरी, नारायणगढ़ से शैली चौधरी, लाडवा से मेवा सिंह, शाहबाद से राम करण को कांग्रेस ने टिकट दिया है। सोनीपत विधानसभा सीट से सुरेंद्र पंवार, गोहना से जगबीर सिंह मलिक, बरोदा से इंदुराज सिंह नरवाल को टिकट दिया गया है। रोहतक से भरत भूषण बत्रा, बहादुरगढ़ से रजिंदर सिंह जून, बादली से कुलदीप वत्स को पार्टी ने चुनावी मैदान में उतारा है।

इसके अलावा, झज्जर से गीता भुक्कल, बेरी से रघुवीर सिंह कादियान, महेंद्रगढ़ से राव दान सिंह, रेवाड़ी से चिरनजीव राव को कांग्रेस ने उम्मीदवार बनाया है। नूंह सीट से अफताब अहमद, फिरोजपुर झिरका सीट से मामन खान, होडल सीट से उदयभान को टिकट दिया गया है। वहीं, फरीदाबाद एनआईटी से नीरज शर्मा कांग्रेस के टिकट पर हरियाणा चुनाव लड़ेंगे।