हाथी का था डर, सांप मचा गया कहर; एक साथ 4 बच्चों को डस लिया, झारखंड में दिल दहलाने वाली घटना

झारखंड के गढ़वा जिले में एक करैत सांप ने कहर बरपा दिया। जिले के चिनिया थानांतर्गत चपकली गांव के नवानगर टोले में गुरुवार देर रात सर्पदंश से तीन बच्चों की मौत हो गई और चौथे की स्थिति गंभीर बनी हुई है। उसका सदर अस्पताल में इलाज चल रहा है। गांव में सर्पदंश से एक साथ तीन बच्चों की मौत से कोहराम मच गया है। मृतकों में सभी एक ही परिवार के बच्चे थे।

घटना के संबंध में मृतक बच्चों के परिजनों ने बताया कि इलाके में जंगली हाथियों का प्रकोप है। हाथियों के हमले से बचने के लिए परिवार के सभी सदस्य रात में एक ही साथ रह रहे थे। उनमें 8-10 बच्चे भी शामिल थे। सभी बच्चे एक साथ एक ही कमरे में जमीन पर सो रहे थे। रात करीब एक बजे उनमें से चार बच्चों को सांप ने डंस लिया।

घटना के बाद सभी बच्चों को झाड़फूंक के लिए पास के गांव में ले गए। वहां दो बच्चों बंधु कोरवा के 15 वर्षीय पुत्र पन्ना लाल कोरवा और स्व रामलाल कोरवा की 8 वर्षीय पुत्री कंचन कुमारी ने दम तोड़ दिया। वहीं अस्पताल ले जाने के क्रम में धुरकी थानांतर्गत सूरज देव कोरवा की 9 वर्षीय बेटी बेगी कुमारी की मौत भी रास्ते में हो गई। वहीं उसकी ममेरी बहन छह वर्षीय राखी कुमारी इलाजरत है। सभी बच्चे अपने दादा-नाना रिझन कोरवा के घर पर एकत्रित होकर सो रहे थे। रिझन मृतक पन्ना लाल और कंचन के दादा हैं।