सोशल मीडिया खबरें पाने का एक आसान जरिया है, लेकिन इनके ही बीच कई यूजर्स फर्जी खबरों को भी जगह दे देते हैं। अब ऐसा ही एक और मामला सामने आया है। एक पत्र सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है, जिसके जरिए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को लेकर बड़ा दावा किया जा रहा है। हालांकि, जब जांच की गई तो पता चला कि दावा फर्जी है। पूरे मामले को विस्तार से समझते हैं।
सोशल मीडिया पर एक पत्र वायरल हुआ। यूजर्स ने दावा किया कि यह पीएम मोदी की तरफ से लिखा हुआ है। वायरल पोस्ट को प्रधानमंत्री के त्यागपत्र के रूप में पेश किया जा रहा है। वायरल लेटर के मुताबिक, पीएम मोदी ने राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू के नाम पत्र लिखा, जिसमें इस्तीफा देने की पेशकश की गई है। खास बात है कि सरकार की तरफ से ऐसी कोई भी सूचना जारी नहीं की गई थी।
क्या है सच्चाई
PIB यानी प्रेस इंफर्मेशन ब्यूरो की तरफ से जब इस दावे की जांच की गई, तो पत्र फर्जी पाया गया। ब्यूरो ने लिखा, ‘सोशल मीडिया पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के हस्ताक्षर वाला एक पत्र प्रसारित किया जा रहा है। यह पत्र फर्जी है।’ आगे कहा गया, ‘प्रधानमंत्री द्वारा ऐसा कोई पत्र न तो जारी किया गया है और न ही उस पर हस्ताक्षर किए गए हैं।’
सलाह
PIB ने बगैर वास्तविकता जाने किसी भी जानकारी को आगे नहीं बढ़ाने की हिदायत दी है। उसने कहा, ‘किसी भी दावे पर विश्वास करने से पहले उसकी आधिकारिक स्रोतों से पुष्टि अवश्य करें। अपनी व्यक्तिगत या वित्तीय जानकारी साझा करने अथवा धन निवेश करने से पहले विशेष सावधानी बरतें।’