‘I Love Mohammad’ Controversy: गिरिराज सिंह ने राहुल गांधी और तेजस्वी यादव पर बड़ा आरोप लगाया, कहा- दोनों देश में गृहयुद्ध कराने की कोशिश में हैं। ओवैसी-महबूबा पर भी साधा निशाना।
‘आई लव मोहम्मद’ के पीछे राहुल-तेजस्वी, देश में गृहयुद्ध कराना चाहते हैं: गिरिराज सिंह
अररिया में ‘आई लव मोहम्मद’ विवाद ने बिहार की सियासत को गरमा दिया है। केंद्रीय मंत्री और बेगूसराय से भाजपा सांसद गिरिराज सिंह ने शनिवार को कांग्रेस सांसद राहुल गांधी और बिहार विधानसभा में नेता प्रतिपक्ष तेजस्वी यादव पर सीधा हमला बोला।
गिरिराज सिंह ने कहा कि कांग्रेस और आरजेडी की राजनीति देश के लिए खतरनाक है। उन्होंने आरोप लगाया कि राहुल गांधी देश में गृहयुद्ध कराने की साजिश कर रहे हैं। सिंह ने कहा कि “आई लव मोहम्मद” के पीछे राहुल गांधी और तेजस्वी यादव खड़े हैं और यह वही प्रवृत्ति है जिसने पहले भी देश और पड़ोसी देशों में हिंसा को जन्म दिया।
केंद्रीय मंत्री ने दावा किया कि जिस तरह नेपाल और बांग्लादेश में घटनाएं हुई थीं, उसी समय कांग्रेस नेताओं के बयानों से लेह में हिंसा भड़क गई थी। गिरिराज सिंह ने कहा कि यह सब एक सोची-समझी रणनीति के तहत किया जा रहा है ताकि समाज में अशांति फैलाई जा सके।
ओवैसी और महबूबा पर भी निशाना
गिरिराज सिंह ने अपने बयान में एआईएमआईएम प्रमुख असदुद्दीन ओवैसी और जम्मू-कश्मीर की पूर्व मुख्यमंत्री महबूबा मुफ्ती को भी घेरा। उन्होंने कहा कि ऐसे नेताओं को भारत और बिहार का विकास नजर नहीं आता। यह लोग केवल सत्ता के लिए समाज को बांटने और लड़वाने की राजनीति करते हैं।
नीतीश-मोदी की जोड़ी की तारीफ
तेजस्वी यादव के लगातार नीतीश कुमार पर हो रहे हमलों पर प्रतिक्रिया देते हुए गिरिराज सिंह ने कहा कि बिहार के विकास के लिए सीएम नीतीश कुमार और पीएम नरेंद्र मोदी मिलकर लगातार प्रयास कर रहे हैं। नरेंद्र मोदी को उन्होंने “कर्मवीर प्रधानमंत्री” और “अवतारी पुरुष” बताया, जिनका उद्देश्य भारत को विश्व गुरु बनाना है।