रणघोष अपडेट. विश्वभर से
इसराइल की सेना ने कहा है कि वो ‘ईरान के सैन्य ठिकानों पर सटीक हमले’ कर रही है. ईरान के सरकारी मीडिया ने बताया है कि राजधानी तेहरान में कई धमाकों की आवाज़ें सुनी गई हैं. इसराइल डिफ़ेंस फ़ोर्सेज़ (आईडीएफ़) ने कहा है कि ‘दुनिया के किसी भी दूसरे संप्रभु राष्ट्र की तरह इसराइली राष्ट्र के पास जवाब देने का अधिकार है और ये उसका कर्तव्य है.’
आईडीएफ़ के प्रवक्ता डेनियल हगारी का कहना है कि 7 अक्तूबर 2023 के बाद ‘ईरान में मौजूद शासन और क्षेत्र में मौजूद उसके साथियों ने इसराइल पर लगातार हमले किए हैं.’ हगारी ने कहा, “हमारी रक्षात्मक और आक्रामक क्षमताएं पूरी तरह सक्रिय हैं. हम इसराइली राष्ट्र और इसराइल के लोगों की रक्षा के लिए जो भी आवश्यक होगा वो करेंगे.”
ईरान ने क्या कहा
ईरान के सरकारी मीडिया का कहना है कि राजधानी तेहरान में तेज़ धमाकों की आवाज़ें सुनी गई हैं. समाचार एजेंसी रॉयटर्स ने ईरान के सरकारी टीवी के हवाले से बताया है कि ईरान के एक ख़ुफ़िया अधिकारी ने कहा है कि तेज़ धमाके की आवाज़ ईरान के एयर डिफ़ेंस सिस्टम के एक्टिवेट होने की वजह से हो सकती है. हालांकि ये अभी तक साफ़ नहीं है कि इसराइल ने ईरान में किस तरह के सैन्य ठिकानों को निशाना बनाया है. समाचार एजेंसी एएफ़पी ने ईरान के सरकारी टीवी चैनल के ज़रिए बताया है कि तेहरान के दो एयरपोर्ट का संचालन ‘सामान्य’ तरीक़े से हो रहा है.वहीं व्हाइट हाउस ने बताया है कि उसे इसराइल के ईरान में हमलों के बारे में पता है.अमेरिका में बीबीसी के न्यूज़ पार्टनर सीबीएस से राष्ट्रीय सुरक्षा परिषद के प्रवक्ता ने कहा, “हम समझते हैं कि इसराइल ईरान में सैन्य ठिकानों के ख़िलाफ़ हमले कर रहा है जो कि 1 अक्तूबर को इसराइल पर ईरान के बैलिस्टिक मिसाइल हमलों के जवाब में की जा रही आत्मरक्षा की कार्रवाई है.”