किम जोंग उन की 12 साल की बेटी किम जू ए: चीन दौरे पर क्यों आईं चर्चा में, क्या होंगी उत्तराधिकारी?

उत्तर कोरिया के तानाशाह किम जोंग उन एक बार फिर चर्चा में हैं, लेकिन इस बार वजह उनकी 12 साल की बेटी किम जू ए हैं। बीजिंग यात्रा के दौरान किम जोंग उन अपनी बेटी को साथ लेकर पहुंचे और पहली बार किसी अंतरराष्ट्रीय दौरे में उनका परिचय पुतिन और शी जिनपिंग जैसे दिग्गज नेताओं से कराया।

बीजिंग में हुई विक्ट्री डे परेड के दौरान भी किम जू ए पिता के साथ कदम से कदम मिलाती दिखीं। यही कारण है कि विशेषज्ञों का मानना है कि किम जोंग उन अपनी बेटी को भविष्य की उत्तराधिकारी के तौर पर दुनिया के सामने ला रहे हैं।

किम जू ए पहली बार 2022 में सुर्खियों में आई थीं, जब उन्होंने पिता संग बैलिस्टिक मिसाइल लॉन्च का मुआयना किया। बताया जाता है कि 2013 में अमेरिकी बास्केटबॉल खिलाड़ी डेनिस रॉडमैन ने प्योंगयांग यात्रा के दौरान उनसे मुलाकात की थी। तभी यह खुलासा हुआ था कि वह किम की बेटी हैं।

दिलचस्प बात यह है कि उत्तर कोरिया का मीडिया उन्हें अब भी नाम लेकर नहीं पहचानता, बल्कि “प्यारी बच्ची” या “होनहार बच्ची” कहकर संबोधित करता है। तस्वीरों और रिपोर्ट्स से संकेत मिलता है कि उत्तर कोरिया में कई बड़े अधिकारी भी उनके आगे झुककर सम्मान जताते हैं।

किम जोंग उन की उम्र अभी केवल 41 साल है, लेकिन बेटी को लेकर उनकी यह रणनीति साफ करती है कि वे सत्ता की बागडोर समय रहते तैयार करना चाहते हैं।

🚩 अब बड़ा सवाल यह है कि क्या किम जू ए सचमुच आने वाले समय में उत्तर कोरिया की पहली महिला तानाशाह बनेंगी?