रणघोष अपडेट. हरियाणा से
हरियाणा सरकार ने पराली से तेजी से बढ़ते प्रदूषण के खिलाफ बड़े स्तर पर कार्रवाई शुरू कर दी है। जिसके तहत अनेक जिलों में पराली जलाए जाने की घटना के चलते कृषि विभाग के 24 अधिकारियों और कर्मचारियों को सस्पेंड कर दिया है। इन अधिकारियों में एग्रीकल्चर डेवलपमेंट ऑफिसर (एडीओ) से लेकर एग्रीकल्चर सुपरवाइजर के अलावा कर्मचारी भी शामिल है।कृषि विभाग के डायरेक्टर राज नारायण कौशिक की तरफ से 9 जिलों के अधिकारियों पर एक्शन लिया गया है। इसमें पानीपत, जींद, हिसार, कैथल, करनाल, अंबाला, फतेहाबाद, कुरुक्षेत्र और सोनीपत के अधिकारी और कर्मचारी शामिल हैं।
कुरुक्षेत्र में 423 पहुंचा एक्यूआई
हरियाणा में कुरुक्षेत्र जिले में एयर क्वालिटी इंडेक्स (एक्यूआई)
423 पर पहुंच गया है। 14 शहरों का एक्यूआई 300 से ऊपर दर्ज किया गया। विशेषज्ञों की माने तो अगर प्रदूषण ऐसे ही बढ़ता गया तो हरियाणा में हेल्थ इमरजेंसी जैसे हालात पैदा हो सकते हैं। उधर दिल्ली–एनसीआर में आज सुबह 8 बजे से ग्रैप-2 लागू कर दिया गया है। एनसीआर में हरियाणा के फरीदाबाद, गुरुग्राम, नूंह, रोहतक, सोनीपत, रेवाड़ी, झज्जर, पानीपत, पलवल, भिवानी, चरखी दादरी, महेन्द्रगढ, जींद और करनाल जिले आते हैं। इन जिलों में ग्रैप–टू की पाबंदियां लागू रहेंगी। डॉक्टरों ने प्रदूषण में बाहर निकलने से पहले एन-95 मास्क पहनने की सलाह दी है। इसके अलावा आंखों को नियमित रूप से बार–बार धोने को कहा है, ताकि शरीर पर स्मॉग के पड़ने वाले प्रभाव को कम किया जा सके।