राहुल गांधी विपक्षी सांसदों के साथ पहुंचे गांधी स्मृति, बोले- छात्रों के साथ खड़े हैं, शिक्षा मंत्री का इस्तीफा जरूरी

रणघोष न्यूज़। नई दिल्ली।

नीट पेपर लीक मामले को लेकर विपक्ष का विरोध प्रदर्शन लगातार जारी है। कांग्रेस नेता और लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी गुरुवार को विपक्षी सांसदों के साथ गांधी स्मृति पहुंचे। इस दौरान राहुल गांधी, प्रियंका गांधी और इंडिया गठबंधन के कई सांसदों ने छात्रों के समर्थन में मार्च निकाला।

गांधी स्मृति पहुंचने के बाद राहुल गांधी ने केंद्र सरकार पर निशाना साधते हुए कहा कि शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान के इस्तीफे तक संसद नहीं चलने दी जाएगी। उन्होंने कहा कि विपक्ष छात्रों के साथ खड़ा है और उन्हें न्याय मिलने तक उनकी आवाज उठाता रहेगा।

राहुल गांधी और विपक्षी सांसदों के गांधी स्मृति जाने के दौरान पुलिस ने उन्हें कुछ समय के लिए रोका। रास्ते में बैरिकेडिंग भी की गई थी। हालांकि बाद में उन्हें आगे जाने की अनुमति दे दी गई।

मोबाइल टॉर्च जलाकर निकाला मार्च

गांधी स्मृति पहुंचने के बाद राहुल गांधी और विपक्षी सांसदों ने मोबाइल फोन की टॉर्च जलाकर मार्च निकाला। इस दौरान ह्यूमन चेन भी बनाई गई। कई सांसदों के हाथों में संविधान की प्रति और अलग-अलग संदेश लिखे पोस्टर दिखाई दिए।

कांग्रेस सांसद रेणुका चौधरी ने कहा कि विपक्ष को सरकार की बातों पर भरोसा नहीं है और छात्रों के मुद्दे को मजबूती से उठाया जाएगा।

विपक्षी दलों की हुई बैठक

इससे पहले कांग्रेस और इंडिया गठबंधन के कई नेता राहुल गांधी के आवास पर एकत्र हुए। बैठक में छात्रों पर कथित पुलिस कार्रवाई के मुद्दे को संसद और सड़क दोनों जगह उठाने की रणनीति पर चर्चा की गई।

बैठक में कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे, जयराम रमेश, केसी वेणुगोपाल, पी. चिदंबरम सहित कई वरिष्ठ नेता मौजूद रहे। इसके अलावा राजद, माकपा, तृणमूल कांग्रेस और अन्य विपक्षी दलों के नेताओं ने भी बैठक में हिस्सा लिया।

राहुल गांधी ने सोशल मीडिया पर लिखा था कि इंडिया गठबंधन के सांसद शांतिपूर्ण तरीके से गांधी स्मृति जा रहे हैं। उन्होंने कहा कि वे उन छात्रों को याद करने जा रहे हैं जिन्होंने नीट पेपर लीक के बाद कथित रूप से अपनी जान गंवाई और उन छात्रों के साथ खड़े हैं जो प्रदर्शन के दौरान घायल हुए हैं।

उन्होंने कहा कि देश के छात्र अकेले नहीं हैं, पूरा विपक्ष उनके साथ खड़ा है और उनकी मांगों को उठाता रहेगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *