सीबीएसई ने 6 सितंबर को आयोजित होने वाली सीटीईटी सितंबर 2026 परीक्षा स्थगित कर दी है। नई तिथि का ऐलान बाद में किया जाएगा। बोर्ड ने सुप्रीम कोर्ट के निर्देश के बाद केंद्रीय शिक्षक पात्रता परीक्षा (सीटीईटी) सितंबर 2026 के आवेदन की विंडो एक बार फिर से खोल दी है। जो उम्मीदवार पहले आवेदन नहीं कर सके थे, वे अब 1 सितंबर 2026 तक ctet.nic.in पर जाकर एप्लाई कर सकते हैं। आधिकारिक वेबसाइट पर इस बाबत नोटिस जारी कर दिया गया है।
सीबीएसई ने नोटिस जारी कर कहा, ‘केंद्रीय माध्यमिक शिक्षा बोर्ड (CBSE) केंद्रीय शिक्षक पात्रता परीक्षा (CTET) का आयोजन करता रहा है। अब तक CTET के कुल 21 संस्करण आयोजित किए जा चुके हैं। CTET के 21वें संस्करण का परिणाम 30 मार्च 2026 को घोषित किया गया था। 8 मई 2026 को जारी सार्वजनिक सूचना के अनुसार, CTET के 22वें संस्करण के लिए ऑनलाइन आवेदन प्रक्रिया 11 मई 2026 से 10 जून 2026 तक चली थी। माननीय सुप्रीम कोर्ट ने सिविल अपील संख्या 1385/2025 में समीक्षा याचिका (सिविल) डायरी संख्या 53434/2025 में दिए गए अपने फैसले में पात्र शिक्षकों को निर्धारित TET योग्यता हासिल करने की वैधानिक आवश्यकता पूरी करने के लिए उचित अवसर दिए जाने की आवश्यकता पर जोर दिया है। उपरोक्त निर्णय और उम्मीदवारों के व्यापक हित को ध्यान में रखते हुए, उन सभी पात्र उम्मीदवारों को आवेदन का अवसर देने का निर्णय लिया गया है, जो पहले आवेदन अवधि में आवेदन नहीं कर सके थे। इसके लिए ऑनलाइन आवेदन पोर्टल 25 अगस्त 2026 से 1 सितंबर 2026 तक दोबारा खोला जा रहा है। जिन उम्मीदवारों ने पहले ही सफलतापूर्वक आवेदन पूरा करके जमा कर दिया है, उन्हें दोबारा आवेदन करने की आवश्यकता नहीं है। CTET के 22वें संस्करण की संशोधित परीक्षा तिथि आवेदन पोर्टल बंद होने के बाद घोषित की जाएगी।’