नागपुर में बड़ा गैस कांड, 900 किलो के सिलेंडर से निकला जहर; इलाका सील

महाराष्ट्र के नागपुर में सोमवार को जहरीली गैस के रिसाव के चलते कम से कम 40 लोग अस्पताल पहुंच गए हैं। खबर है कि एहतियात के तौर पर क्षेत्र की घेराबंदी कर दी गई है और लोगों से कई सैकड़ों मीटर दूर रहने के लिए कहा गया है। वहीं, बचाव कार्य में जुटे कर्मियों को सुरक्षा किट पहने देखा गया था। कहा जा रहा है कि देर रात से ही सिलेंडर से रिसाव हो रहा था।

इंडियन एक्सप्रेस की रिपोर् के अनुसार, एक वॉटर प्लांट से क्लोरीन गैस लीक होना शुरू हो गई थी। अधिकारियों के हवाले से बताया गया कि गोधानी नगर पंचायत में फागो पाटिल ले आउट के पास वॉटर ट्रीटमेंट प्लांट में रिसाव हुआ था। उन्होंने जानकारी दी है कि 900 किलों के क्लोरीन गैस सिलेंडर से रात करीब 1 बजे से रिसाव शुरू हो गया था।

सांस लेने में दिक्कत

रिपोर्ट के अनुसार, प्लांट में काम करने वाले और आसपास रहने वाले लोगों ने सांस लेने में दिक्कत की शिकायत की। कहा जा रहा है कि इसके चलते 8-10 प्लांट कर्मचारी और 20-25 अन्य लोगों की तबीयत बिगड़ी है। वहीं, रिपोर्ट के अनुसार, पुलिस का कनहा है कि स्पर्श हॉस्पिटल और मेयो हॉस्पिटल में 40 लोगों का इलाज चल रहा है।

इलाका सील

खबर है कि रिसाव की खबर के साथ मौके पर पुलिस, फायर ब्रिगेड और NDRF यानी नेशनल डिजास्टर रिस्पॉन्स फोर्स की टीमें पहुंच गईं थीं। इसके बाद काफी देर तक बचाव कार्य चला और हालात पर काबू पाने की कोशइश की गई। सुबह करीब 5 बजकर 30 मिनट पर लीक को बंद किया जा सका और सिलेंडर को पानी और कास्टिक सोडा मिले पदार्थ में रखा गया।

पुणे में लीक हुई थी गैस

30 अप्रैल को महाराष्ट्र के ही पुणे के कोंधवा क्षेत्र में आधी रात को क्लोरीन गैस लीक हो गई थी। खबरें थीं कि घटना बंद हो चुके वॉटर प्लांट में हुई थी। एक फायर ऑफिसर ने कहा था, ‘गैस लीक होने और उसके फैलने के बाद आस-पास रहने वाले लोगों ने सांस लेने में तकलीफ की शिकायत की। सूचना मिलने पर फायर ब्रिगेड की टीमें भेजी गईं। कई लोगों को सुरक्षित बाहर निकाला गया और सुरक्षा उपकरणों की मदद से लीक हो रहे टैंक को ठीक किया गया।’

प्लांट को पूर्व में चला चुके एक शख्स का कहना था कि यूनिट को बंद कर दिया था। उन्होंने बताया था कि क्लोरीन रखी हुई टैंक का ख्याल नहीं रखा गया और लीक की घटना हुई।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *