संजू सैमसन ने दिल्ली कैपिटल्स के खिलाफ पूरा किया IPL 2026 में ‘दोहरा शतक’, क्रिस गेल को पीछे छोड़ा

संजू सैमसन ने आईपीएल 2026 में एक बार फिर से दिल्ली कैपिटल्स की लंका लगाने का काम किया। चेन्नई के चेपॉक स्टेडियम में दिल्ली कैपिटल्स के खिलाफ शतक जड़ने वाले संजू सैमसन ने एक बार फिर चेन्नई सुपर किंग्स के लिए डीसी के खिलाफ कमाल की बल्लेबाजी की। इस बार उनका शतक पूरा नहीं हुआ, लेकिन वे 87 रनों की नाबाद पारी खेलकर मैच जिताकर लौटे। इसी के साथ उन्होंने एक खास दोहरा शतक आईपीएल 2026 में दिल्ली कैपिटल्स के खिलाफ पूरा कर लिया है और वह आईपीएल इतिहास के महज तीसरे खिलाड़ी हैं, जिन्होंने इस उपलब्धि को हासिल किया है।

दरअसल, संजू सैमसन से पहले दो ही ऐसे खिलाड़ी हैं, जिन्होंने एक टीम के खिलाफ एक सीजन में लीग फेज में 200 या इससे ज्यादा रन बनाए हैं। विराट कोहली और केएल राहुल ऐसा कर चुके हैं, जबकि संजू सैमसन लिस्ट में तीसरे बल्लेबाज हैं। संजू सैमसन ने क्रिस गेल को भी पछाड़ दिया है, जो अभी तक लिस्ट में तीसरे नंबर पर थे, लेकिन वे दोहरा शतक नहीं पूरा कर सके थे। केएल राहुल का नाम इस लिस्ट में दो बार आता है। वह लिस्ट में पांचवें पायदान पर भी विराजमान हैं।

दरअसल, एक टीम के खिलाफ लीग फेज में विराट कोहली ने गुजरात लायंस के खिलाफ 2016 में 209 रन दो मैचों में बनाए थे। विराट ने नाबाद 100 और 109 रनों की पारी खेली थी। केएल राहुल ने 2022 में लखनऊ सुपर जायंट्स के लिए खेलते हुए मुंबई इंडियंस के खिलाफ 206 रन बनाए थे। इसमें दोनों बार केएल राहुल ने नाबाद 103-103 रन बनाए थे। संजू सैमसन ने दिल्ली कैपिटल्स के खिलाफ आईपीएल 2026 में नाबाद 115 और नाबाद 87 रनों के साथ 202 रन बना लिए हैं। संजू सैमसन तीसरे ही ऐसे खिलाड़ी हैं, जिन्होंने एक टीम के खिलाफ एक सीजन में लीग फेज में 200 या इससे ज्यादा रन बनाए हैं।

क्रिस गेल का नाम अभी तक तीसरे नंबर पर था, जिन्होंने 196 रन दो मैचों में पुणे वॉरियर्स इंडिया के खिलाफ बनाए थे, जिसमें नाबाद 175 रनों के अलावा 21 रनों की पारी भी शामिल थी। वहीं, केएल राहुल ने 193 रन 2020 में रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु के खिलाफ दो मैचों में बनाए थे। एक मैच में नाबाद 132 रन और दूसरे मैच में नाबाद 61 रनों की पारी केएल राहुल ने खेली थी।

IPL एडिशन (लीग स्टेज) में किसी खिलाड़ी का विरोधी टीम के खिलाफ सबसे ज्यादा रन

209 – विराट कोहली बनाम गुजरात लायंस, 2016 में (100* & 109)

206 – केएल राहुल बनाम मुंबई इंडियंस, 2022 में (103* & 103*)

202 – संजू सैमसन बनाम दिल्ली कैपिटल्स, 2026 में (115* & 87*)

196 – क्रिस गेल बनाम पुणे वॉरियर्स इंडिया, 2013 में (175* & 21)

193 – केएल राहुल बनाम रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु, 2020 में (132* & 61*)