टी20 विश्व कप 2026 में भारत से हार के बाद पाकिस्तान क्रिकेट में भूचाल आ गया था। इस हार के तुरंत बाद पाकिस्तान के पूर्व तेज गेंदबाज शोएब अख्तर ने ऑन एयर पाकिस्तान क्रिकेट बोर्ड (PCB) के चेयरमैन मोहसिन नकवी पर तीखा हमला बोला था।
अख्तर ने लाइव टीवी पर नकवी को “जाहिल” और “नाकाबिल” तक कह दिया था। लेकिन अब 24 घंटे के भीतर ही उन्होंने अपने बयान से यू-टर्न लेते हुए सफाई दी है कि उनका इशारा व्यक्तिगत तौर पर मोहसिन नकवी की ओर नहीं था।
ऑन एयर क्या बोले थे शोएब अख्तर?
भारत से हार के बाद एक भारतीय न्यूज चैनल पर शोएब अख्तर ने कहा था कि किसी “नाकाबिल और जाहिल इंसान” को बड़ी जिम्मेदारी देना सबसे बड़ा अपराध है। उन्होंने तंज कसते हुए कहा था कि जिसे क्रिकेट चलाना नहीं आता, वह PCB का चेयरमैन बना बैठा है तो टीम कैसे सफल होगी?
इस बयान के बाद पाकिस्तान क्रिकेट में हंगामा मच गया था और सोशल मीडिया पर भी तीखी प्रतिक्रियाएं देखने को मिलीं।
अब क्या दी सफाई?
पाकिस्तान के न्यूज चैनल ARY News पर शोएब अख्तर ने कहा कि उनके शब्दों को गलत संदर्भ में पेश किया गया।
अख्तर ने कहा,
“मैंने जो ‘नाकाबिल और जाहिल’ शब्द इस्तेमाल किए, वह मोहसिन नकवी भाई के लिए नहीं थे। मेरा इशारा बड़े सिस्टम की खामियों की ओर था। टेलीविजन चैनल ने इसे तोड़-मरोड़कर पेश किया।”
उन्होंने यह भी कहा कि उसी कार्यक्रम में उन्होंने नकवी के बारे में सकारात्मक बातें भी कही थीं और उन्हें एक अच्छा इंसान बताया था जो पाकिस्तान क्रिकेट की मदद करना चाहते हैं, लेकिन उन्हें सही सलाह नहीं मिल रही।
नाराजगी की असली वजह क्या?
शोएब अख्तर ने माना कि वह मोहसिन नकवी से नाराज जरूर हैं, लेकिन वजह अलग है।
उनके मुताबिक, टी20 वर्ल्ड कप में भारत के खिलाफ बहिष्कार (बॉयकॉट) को लेकर नकवी ने जो स्टैंड लिया था, उस पर कायम नहीं रहे। अख्तर ने कहा कि पूरी कम्युनिटी उनके साथ थी, लेकिन बाद में उन्होंने अपना फैसला बदल लिया।
अख्तर का कहना है कि वह PCB के कामकाज से ज्यादा उस यूटर्न से नाराज थे।
पाकिस्तान क्रिकेट में फिर से विवाद
पाकिस्तान क्रिकेट में यह पहला मौका नहीं है जब किसी बड़े पूर्व खिलाड़ी ने बोर्ड के खिलाफ खुलकर बयान दिया हो। लेकिन इस बार मामला इसलिए ज्यादा चर्चा में है क्योंकि बयान के 24 घंटे के भीतर ही शोएब अख्तर को सफाई देनी पड़ी।
भारत से हार के बाद पहले से ही दबाव में चल रही पाकिस्तान टीम और PCB के लिए यह विवाद नई परेशानी बन सकता है।
अब देखना होगा कि इस बयानबाजी का असर पाकिस्तान क्रिकेट बोर्ड और टीम के भविष्य के फैसलों पर कितना पड़ता है।