मुंबई इंडियंस ने एक बार फिर डब्लूपीएल के फाइनल में जगह बना ली है। मुंबई की तरफ से साइवर-ब्रंट (77) और हेली मैथ्यूज (77) ने आक्रामक अर्धशतकीय पारियां खेलीं। इन दोनों के बीच दूसरे विकेट के लिए 71 गेंद में 133 रन की साझेदारी हुई। इसकी बदौलत मुंबई इंडियंस एलिमिनेटर मैच में गुजरात जायंट्स को 47 रन से हराकर फाइनल का टिकट कटाया। मैथ्यूज और साइवर-ब्रंट ने बल्ले के बाद गेंद से भी कमाल करते हुए क्रमश: तीन और एक विकेट चटकाये। डब्ल्यूपीएल की शुरुआती सत्र की चैंपियन मुंबई इंडियंस के सामने 15 मार्च को खेले जाने वाले फाइनल में दिल्ली कैपिटल्स की चुनौती होगी।
मुंबई ने चार विकेट पर 213 रन का बड़ा स्कोर खड़ा करने के बाद गुजरात को 19.4 ओवर में 166 रन पर रोक कर इस टीम के खिलाफ सात मैचों में सातवीं जीत दर्ज की। गुजरात के लिए डैनियल गिब्सन ने 34, फोबे लिचफील्ड ने 31 और भारती फूलमाली ने 30 रन का योगदान दिया। मुंबई के लिए मैथ्यूज और साइवर ब्रंट के अलावा अमेलिया केर ने भी दो विकेट चटकाये। शबनम इस्माइल को एक सफलता मिली। साइवर-ब्रंट और मैथ्यूज ने पावरप्ले में सतर्कता से बल्लेबाजी करने के बाद सहजता से मैदान के हर क्षेत्र में चौके और छक्के जड़े। साइवर-ब्रंट ने 41 गेंद में 77 रन की पारी खेली। मैथ्यूज ने भी 50 गेंद में 77 रन का योगदान दिया।
कप्तान हरमनप्रीत कौर ने 12 गेंद में दो चौके और चार छक्के की मदद से 36 रन बनाकर टीम के स्कोर को 200 के पार पहुंचाया। लक्ष्य का बचाव करते हुए शबनम इस्माइल ने पहले ओवर में ही बेथ मूनी (छह) को आउट कर गुजरात को बड़ा झटका दिया। डैनियल गिब्सन ने साइका इशाक के खिलाफ दो चौके जड़ आत्मविश्वास दिखाया लेकिन हरलीन देओल (आठ) संस्कृति गुप्ता के शानदार थ्रो पर रन आउट हो गयी। कप्तान एश्लीघ गार्डनर ने मैथ्यूज के खिलाफ छक्के के साथ खाता खोला लेकिन वेस्टइंडीज की इस हरफनमौला ने उन्हें बोल्ड कर टीम को बड़ी सफलता दिलायी।
गिब्सन ने हरमनप्रीत जबकि लिचफील्ड ने अमेलिया केर के खिलाफ छक्का जड़कर जरूरी रन गति कम करने की कोशिश की लेकिन गिब्सन 10वें ओवर में रन आउट हो गयी। टीम ने 11वें ओवर में रनों का शतक पूरा किया। जरूरी रन गति के 13 रन प्रति ओवर पहुंचने के बाद लिचफील्ड ने केर के खिलाफ क्रीज से बाहर निकलकर बड़ा शॉट खेलने की कोशिश की लेकिन तानिया भाटिया ने गिल्लियां बिखेर कर उन्हें स्टंप कर दिया। अमनजोत कौर के खिलाफ छक्का लगाने वाली भारती के साथ गफलत का शिकार होकर काशवी गौतम (चार) रन आउट हो गयी।
सिमरन शेख ने नैट-साइवर के ओवर में दो चौके और एक छक्का लगाकर 19 रन बटोरने में सफल रही। मैथ्यूज ने लगातार दो चौके खाने के बाद फुलमाली को बोल्ड कर पवेलियन की राह दिखायी। केर की गेंद पर शेख के आउट होने से गुजरात की उम्मीदें खत्म हो गयी। साइवर-ब्रंट की गेंद को तनुजा कंवर(16) हरमनप्रीत के हाथों में खेल गयी। मैथ्यूज ने आखिरी ओवर में मेघना सिंह को चलता कर मुंबई इंडियंस को बड़ी जीत दिलायी।
गुजरात की खराब फील्डिंग
इससे पहले गेंदबाजी का फैसला करने के बाद गुजरात के गेंदबाजों को क्षेत्ररक्षकों का भी साथ नहीं मिला। टीम ने कई कैच टपकाने के साथ खराब क्षेत्ररक्षण से रन बनाने दिया। मुंबई इंडियंस की बल्लेबाजी की रीढ़ की हड्डी माने जाने वाली साइवर-ब्रंट ने तेज गेंदबाजों और स्पिनरों की धज्जियां उड़ाते हुए 10 चौके और दो छक्के जमाए। मुंबई ने पावरप्ले में केवल 37 रन बनाए थे लेकिन इसके बाद मैथ्यूज और साइवर-ब्रंट ने गियर बदल दिए। इंग्लैंड की बल्लेबाज ने डेब्यू करने वाली तेज गेंदबाज डेनियल गिब्सन के खिलाफ आक्रामक रूख अपनाया तो वही मैथ्यूज ने लेग स्पिनर प्रिया मिश्रा की गेंदों पर लगातार तीन चौके लगाए।
मैथ्यूज ने पहले सतर्क शुरुआत की और फिर बाएं हाथ की स्पिनर तनुजा कंवर की गेंद पर छक्का लगाकर अपना अर्धशतक पूरा किया। उन्होंने अपनी पारी में 10 चौके और तीन छक्के जड़े। आखिरी ओवरों में हरमनप्रीत के बल्ले से छक्कों की बरसात हो रही थी। उन्होंने अपने शानदार प्रयास में चार बार गेंद को सीमा रेखा के पार पहुंचाया। मुंबई इंडियंस ने आखिरी पांच ओवरों में 73 रन बनाए।
Share this:
- Share on X (Opens in new window) X
- Share on Facebook (Opens in new window) Facebook
- Share on LinkedIn (Opens in new window) LinkedIn
- Share on Reddit (Opens in new window) Reddit
- Share on Tumblr (Opens in new window) Tumblr
- Share on Pinterest (Opens in new window) Pinterest
- Share on WhatsApp (Opens in new window) WhatsApp