महाकुंभ 2025 अब समापन की ओर है, लेकिन लोगों की भीड़ कम नहीं हो रही है। संगम पर स्नान के लिए लोगों का रेला उमड़ा हुआ है। इसके चलते सड़कों पर काफी ज्यादा जाम है। कई जगह तो लोग घंटों तक जाम में फंस जा रहे हैं। वहीं, ट्रेनों की हालत तो और भी ज्यादा खराब है। इन सारी बातों से परेशान होकर कुछ दोस्तों ने नाव से जाने का प्लान बनाया। यह दोस्त 248 किमी तक नाव चलाकर प्रयागराज पहुंचे और संगम पर जाकर स्नान किया। इनका वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है।
इस वीडियो को इंदौरीरिपोर्टर21 नाम के सोशल मीडिया हैंडल से पोस्ट किया गया है। इस वीडियो के कैप्शन में लिखा है कि महाकुंभ पहुंचने का जुनून देखिए कि युवकों ने 248 किलोमीटर का सफर नाव से तय किया। किसी ने वीडियो पर कमेंट किया है कि यात्रा कहां से प्रारंभ किए भाई साहब। इसके जवाब में लिखा गया है कि बक्सर के कम्हरिया गांव से। वीडियो में नजर आ रहा है कि चार लोग नाव से नदी में सफर कर रहे हैं। इस नाव पर जरूरत का काफी सामान भी रखा हुआ है। वहीं, एक व्यक्ति बोट चलाने के लिए मोटर को कंट्रोल कर रहा है।लोग कर रहे हैं कमेंट्स
वीडियो पर तमाम लोगों ने कमेंट्स किए हैं। कुछ लोग कह रहे हैं कि यह आइडिया हमारे दिमाग में क्यों नहीं आया। वहीं, कुछ लोग इन दोस्तों की हिम्मत की दाद दे रहे हैं। एक यूजर ने लिखा है कि लोग सड़क मार्ग से गए, आकाश मार्ग से गए और आप लोगों ने जलमार्ग चुन लिया। वहीं, कुछ लोगों ने वीडियो पर कमेंट इस यात्रा को लेकर अविश्वास भी जाहिर किया है।
बता दें कि महाकुंभ 26 फरवरी तक चलेगा। 26 फरवरी को महाशिवरात्रि पर स्नान के साथ ही महाकुंभ समाप्त हो जाएगा। गौरतलब है कि देश और दुनिया से बड़ी संख्या में लोग महाकुंभ के दौरान संगम पर डुबकी लगाने के लिए प्रयागराज पहुंच चुके हैं। उत्तर प्रदेश सरकार के मुताबिक अभी तक करीब 51 करोड़ लोगों ने स्नान कर लिया है। वहीं, प्रयागराज आने वाले तमाम रास्तों पर जबर्दस्त ढंग से जाम की स्थिति भी देखने को मिली है।