पाकिस्तान क्रिकेट टीम की टी20 विश्व कप की शुरुआत अच्छी रही है। टी20 विश्व कप के पहले ही मुकाबले में पाकिस्तान ने नीदरलैंड को आखिरी ओवर तक चले मुकाबले में तीन विकेट से हराया।। कोलंबो में खेले मुकाबले में नीदरलैंड ने पहले बल्लेबाजी करते हुए 19.5 ओवर में सभी विकेट खोकर 147 रन बनाए। इसके जवाब में पाकिस्तान के बल्लेबाज उम्मीद के मुताबिक प्रदर्शन नहीं कर सके और लगातार अंतराल पर विकेट गंवाए। हालांकि अंतिम ओवरों में फहीम अशरफ ने कुछ बड़े शॉट लगाकर टीम की मैच में वापसी कराई और तीन गेंष शेष रहते मैच जिताया। पाकिस्तान की टीम ने 19.3 ओवर में 7 विकेट पर 148 रन बनाकर मैच जीता। पाकिस्तान की ओर से शाहिबजादा फरहान ने 47 रन की पारी खेली। नीदरलैंड के लिए मिकैरन और आर्यन ने 2-2 विकेट चटकाए।
148 रनों के लक्ष्य का पीछा करने उतरी पाकिस्तान की टीम की शुरुआत को सईम आयूब और साहिबजादा ने अच्छी शुरुआत दिलाई। दोनों के बीच पहले विकेट के लिए 27 रन की साझेदारी हुई। आयूब ने 13 गेंद में 24 रन बनाए। कप्तान सलमान अली आगा ज्यादा देर तक क्रीज पर टिक नहीं सके और 8 गेंद में 12 रन बनाकर आउट हुए। सलामी बल्लेबाज साहिबजादा फरहान ने 31 गेंद में 47 रन की पारी खेली। उसमान खान खाता नहीं खोल सके। सीनियर बल्लेबाज बाबर आजम ने 18 गेंद में 15 रन का योगदान दिया। मोहम्मद नवाज 13 गेंद में 6 रन ही बना सके। शादाब खान ने 12 गेंद में 8 रन की पारी खेली। फहीम अशरफ 11 गेंद में 29 रन बनाकर नाबाद लौटे। शाहीन अफरीदी ने 9 गेंद में 5 रन का योगदान दिया।
पाकिस्तान की टीम एक समय मैच हारने के काफी करीब थी। 148 रनों के लक्ष्य का पीछा करते हुए टीम ने 17 ओवर में 115 के स्कोर पर 7 विकेट गंवा दिए थे। पाकिस्तान को जीत के लिए 18 गेंद में 33 रन चाहिए थे। 18वें ओवर में सिर्फ चार रन बने, जिसके बाद पाकिस्तान को अंतिम दो ओवर में जीत के लिए 12 गेंद में 29 रन चाहिए थे। फहीम अशरफ ने लोगन के इस ओवर में पहली, तीसरी और पांचवीं गेंद पर छक्का जड़ा और अंतिम गेंद पर गेंद बैट से लगकर बाउंड्री के पार गई। इस ओवर में कुल 24 रन बने, जिससे अंतिम ओवर में पाकिस्तान को सिर्फ जीतने के लिए 6 गेंद पर 5 रन की जरूरत थी। मैच के आखिरी ओवर की तीसरी गेंद पर फहीम ने चौका लगाकर टीम को जीत दिलाई।
नीदरलैंड के लिए आर्यन दत्त और पॉल वैन मीकरेन ने दो-दो विकेट लिये। लोगन वैन बीक, काइल क्लीन और रुलॉफ वैन डर मर्व ने एक-एक बल्लेबाज को आउट किया।
इससे पहले पाकिस्तान ने टॉस जीतकर गेंदबाजी करने का फैसला लिया। बल्लेबाजी करने उतरी नीदरलैंड पाकिस्तानी गेंदबाजी आक्रमण के आगे 19.5 ओवरों में 147 रन के स्कोर पर सिमट गई। कप्तान स्कॉट एडवर्ड्स ने 29 गेंदों में (37), बास डलीडे 25 गेंदों में (30), माइकल लेविट 15 गेंदों में (24), कॉलिन ऐकरमैन 14 गेंदों में (20) और आर्यन दत्त ने आठ गेंदों में 13 रनों की पारी खेली। पाकिस्तान के गेंदबाजी आक्रमण के आगे नीदरलैंड के छह बल्लेबाज दहाई अंक तक नहीं पहुंच सके। पाकिस्तान के लिए सलमान मिर्जा ने तीन विकेट लिये। मोहम्मद नवाज, अबरार अहमद और सैम अयूब को दो-दो विकेट मिले। शाहीन शाह अफरीदी ने एक बल्लेबाज को आउट किया।