दिल्ली में सेना के साथ स्पेशल सेल का अभियान; रॉकेट लॉन्चर नष्ट, मणिपुर कनेक्शन

शहजाद भट्टी नेटवर्क के बाद एक और कामयाबी मिली है। मणिपुर में दबोचे गए संदिग्ध आतंकियों के मिले रॉकेट लॉन्चरों को दिल्ली के नरेला में खास अभियान के तहत नष्ट किया गया है। आतंकियों के पास से रॉकेट लॉन्चर बरामद किए गए थे। इस कार्रवाई में भारतीय सेना, दिल्ली पुलिस की स्पेशल सेल और फोरेंसिक साइंस लेबोरेटरी की टीमों ने मिलकर काम किया। यह घटना शहजाद भट्टी नेटवर्क के नेस्तनाबूद किए जाने के बाद सामने आई है।

प्रोटोकॉल के साथ नष्ट किए विस्फोटक

पीटीआई की रिपोर्ट के मुताबिक, सुरक्षा एजेंसियां ने किसी भी खतरे को टालने और सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए खतरनाक विस्फोटकों को पूरे प्रोटोकॉल के साथ सुरक्षित रूप से नष्ट किया।

मणिपुर से दो संदिग्धों की गिरफ्तारी

सूत्रों ने बुधवार को बताया कि मणिपुर में दो संदिग्ध आतंकवादियों की गिरफ्तारी की गई थी। उनसे ये रॉकेट लॉन्चर बरामद किए गए थे। रॉकेट लॉन्चरों को नष्ट करने के लिए नरेला में एक जॉइंट ऑपरेशन चलाया गया।

नष्ट किए जाने के लिए दिल्ली लाए गए हथियार

सूत्रों के मुताबिक, इन हथियारों को जांच और निपटान के लिए दिल्ली लाया गया था। ये हथियार, गोला-बारूद और विस्फोटक सामग्री के उस जखीरे का हिस्सा थे। इनको मणिपुर में एक जॉइंट सर्च ऑपरेशन के दौरान जब्त किया गया था। आतंकियों के पास से राइफलें, सैकड़ों राउंड जिंदा कारतूस, डेटोनेटर और अन्य विस्फोटक सामग्री बरामद हुए थे।

सूत्रों ने बताया कि दिल्ली के नरेला के टिकरी इलाके में सुरक्षा एजेंसियों, दिल्ली पुलिस स्पेशल सेल और सेना ने एक संयुक्त अभियान के तहत मणिपुर से बरामद संदिग्ध रॉकेट लॉन्चर और हैंड ग्रेनेड जैसे खतरनाक हथियारों को एक खुले मैदान में गड्ढा खोदकर सुरक्षित रूप से नष्ट (डिस्पोज) किया गया। इस दौरान इलाके में सुरक्षा के तगड़े इंतजाम किए गए।

हाल ही में नेस्तनाबूद किया गया है शहजाद भट्टी नेटवर्क

यह घटना ऐसे वक्त में सामने आई है जब हाल ही में देश भर में अलग-अलग जगहों से आईएसआई समर्थित आतंकी संगठन ‘शहजाद भट्टी नेटवर्क’ के 200 से ज्यादा सदस्यों को गिरफ्तार किया गया है। केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह के मुताबिक, 14 राज्यों में अलग-अलग जगहों पर आतंकवाद के खिलाफ कोऑर्डिनेटेट ऑपरेशन चलाए गए। इस दौरान भी भारी मात्रा में गोला-बारूद बरामद किए गए थे।

दबोचे गए थे 200 से ज्यादा संदिग्ध

पीटीआई-भाषा की रिपोर्ट के मुताबिक, शहजाद भट्टी नेटवर्क के गुर्गों के पास से आईईडी, पाकिस्तानी कारखाने के निशान वाले ग्रेनेड, पिस्तौल, कारतूस और जासूसी कैमरे बरामद किए गए थे। केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने एक्स पर बताया था कि सरकार ने स्वतंत्रता दिवस से पहले शहजाद भट्टी नेटवर्क को खत्म कर दिया और 200 से ज्यादा संदिग्धों को अरेस्ट कर के एक बड़ी साजिश को नाकाम कर दिया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *