संसद में केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह की बयान की मांग को लेकर लगातार मचे हंगामे के बाद अब अमित शाह ने विपक्ष पर हमला बोला है। अमित शाह ने कहा है कि सरकार हमेशा से ही कह रही है कि सरकार नीट परीक्षा सहित अन्य सभी मुद्दों पर चर्चा के लिए तैयार है। गृह मंत्री ने यह भी कहा है कि वे सभी सवालों के जवाब देने के लिए तैयार हैं, लेकिन वह विपक्ष ही है जो चर्चा नहीं होने दे रही। वहीं राहुल गांधी ने अमित शाह के बयान पर प्रतिक्रिया देते हुए कहा है कि विपक्ष सिर्फ एक बात का जवाब चाहता है कि छात्रों पर गोलियां चलाने का आदेश किसने दिया।
इससे पहले गृह मंत्री अमित शाह ने बुधवार को मिडिया को संबोधित करते हुए कहा कि अगर विपक्ष आज चर्चा शुरू कर दें तो मैं कल 3 बजे तक हर सवाल का जवाब दे दूंगा। उन्होंने संसद परिसर में कहा, “मैं चैनलों के माध्यम से विपक्ष से कहना चाहता हूं कि आप एक पत्र लिखकर दोपहर 2 बजे तक स्पीकर को दे दीजिए। हम 3 बजे से चर्चा चालू कर देंगे और मैं कल दोपहर 3 बजे मैं हर सवाल का जवाब दे दूंगा।”
गृह मंत्री ने आगे कहा कि संसद में चर्चा के लिए तय नियम और प्रक्रियाएं हैं। इसके बावजूद विपक्ष लगातार उन पर जवाब न दे का आरोप लगा रहा है। अमित शाह ने कहा, “संसद में चर्चा करने के नियम बने हैं, इसके बावजूद मुझसे कह रहे हैं कि आप एक स्टेटमेंट दे दो। इस तरह के गंभीर विषय पर इस तरह से चर्चा नहीं हो सकती।… संसद में ऐसे चर्चा नहीं होती है।… हम प्रश्न काल सस्पेंड करने के लिए भी तैयार हैं अगर स्पीकर साहब अनुमति दे दें। कल 3 बजे तक मैं खुद बैठूंगा। हर चीज लिखूंगा और हर सवाल का जवाब दूंगा। जिससे देश की जनता के सामने सारी चीजें स्पष्ट हो जाएं और दूध का दूध और पानी का पानी जो जाए। अब विपक्ष को तय करना है कि उन्हें चर्चा करनी है या हंगामा करना है।”
विपक्ष पर बरसे
इस दौरान गृह मंत्री अमित शाह ने विपक्ष पर भी जमकर हमला बोला। उन्होंने कहा कि विपक्ष सदन को चलने ही नहीं दे रही ऐसी स्थिति में कोई क्या कर सकता है। शाह ने कहा, “पहले तो लापता, भाग गए, भगोड़े हैं, इस तरह की भाषा संसदीय इतिहास में पहली बार सुनी गई है। जबसे संसद सत्र शुरू हुआ तब से मैं लगातार संसद में आता हूं। मेरे चैंबर में बैठा हूं। लेकिन क्योंकि विपक्ष दोनों ही सदनों में सदन को चलने ही नहीं दे रहा तो कोई जाकर क्या करेगा।” उन्होंने कहा, “हमारे संसदीय कार्य मंत्री किरन रीजीजू ने पहले ही साफ कर दिया है कि नीट पेपर लीक और छात्रों के आंदोलन से लेकर हर मुद्दे पर सरकार चर्चा के लिए तैयार है। और चर्चा के लिए समय सुनिश्चित किया जाए विपक्ष इसके लिए तैयार हो जाए। मैं किसी भी सवाल का जवाब देने के लिए तैयार हूं। अब जनता तय करे कौन भाग रहा है।”
राहुल गांधी का क्या जवाब?
इस बीच अमित शाह का बयान सामने आते ही राहुल गांधी ने एक बार छात्रों के खिलाफ हुई हिंसा को लेकर गृह मंत्री का जवाब मांगा है। राहुल गांधी ने कहा, “हमें अमित शाह जी का लेक्चर नहीं सुनना। हम सिर्फ एक बात में दिलचस्पी रखते हैं। हम से मेरा मतलब इस देश को युवा पीढ़ी है। हमें जानना है कि युवाओं को गोली किसने मारी? छात्रों पर गोली चलाने का आदेश किसने दिया।… ये ऑर्डर होम मिनिस्ट्री से मिलते हैं। क्या अमित शाह ने हमारे बच्चों को मारने का आदेश दिया? अगर उन्होंने ऐसा किया है, तो उन्हें इस्तीफा दे देना चाहिए क्योंकि वो अपराधी हैं। अगर उन्होंने आदेश नहीं दिया तो भी उन्हें इस्तीफा देना चाहिए क्योंकि वो सक्षम नहीं हैं।”