शाहपुरा पुलिया पर उपेन यादव की सख्ती का असर, NHAI अधिकारियों ने किया निरीक्षण
शाहपुरा। जयपुर-Delhi राष्ट्रीय राजमार्ग पर स्थित जयपुर तिराहा, शाहपुरा पुलिया के निर्माण कार्य में हो रही देरी को लेकर भाजपा नेता उपेन यादव की सख्ती का असर अब साफ दिखाई देने लगा है। एक दिन पहले NHAI कार्यालय, जयपुर में क्षेत्रीय अधिकारी (RO) से प्रतिनिधिमंडल के साथ मुलाकात कर उन्होंने निरीक्षण एवं लोड टेस्ट प्रक्रिया में हो रही देरी पर कड़ी नाराजगी जताई थी।
लोड टेस्ट में देरी से बढ़ी थी जन-चिंता
जयपुर से Delhi जाने वाली पुलिया पर छोटे वाहनों का सफल परीक्षण हो चुका था, लेकिन बड़े वाहनों के लिए आवश्यक लोड टेस्ट शुरू नहीं होने से आमजन में असंतोष था। उपेन यादव ने स्पष्ट कहा कि जब पुलिया को बंद कर लोड टेस्ट की तैयारी की गई थी, तो दो दिन तक प्रक्रिया शुरू न होना गंभीर लापरवाही है।
प्रतिनिधिमंडल ने अधिकारियों के समक्ष यह मांग भी रखी कि दिल्ली से जयपुर दिशा की पुलिया का निर्माण मार्च तक पूर्ण किया जाए तथा सर्विस लाइन सड़क पर बने गहरे गड्ढों की मरम्मत तुरंत करवाई जाए।
अगले ही दिन मौके पर पहुंचे अधिकारी
आरओ ने आश्वासन दिया था कि वे स्वयं स्थल का निरीक्षण करेंगे। इसके परिणामस्वरूप अगले ही दिन जयपुर तिराहा स्थित शाहपुरा पुलिया पर NHAI के आरओ, परियोजना निदेशक (PD) एवं टेंडर कंपनी के निदेशक ने पहुंचकर निरीक्षण किया।
निरीक्षण के दौरान अधिकारियों ने बताया कि दिल्ली से जयपुर जाने वाली दूसरी पुलिया की मिट्टी भराई का कार्य शीघ्र पूरा कर लिया जाएगा। साथ ही जयपुर-Delhi पुलिया पर शेष लगभग 50 मीटर सड़क निर्माण कार्य पूर्ण कर होली से पूर्व जयपुर से Delhi जाने वाले यातायात को सुचारू रूप से प्रारंभ कर दिया जाएगा।
तय हुई समय-सीमा: मार्च और मई 2026 लक्ष्य
NHAI अधिकारियों ने आश्वस्त किया कि 31 मार्च 2026 तक दिल्ली से जयपुर की ओर जाने वाली पुलिया का कार्य पूर्ण कर दिया जाएगा। इसके अतिरिक्त मई 2026 तक दिल्ली तिराहा पुलिया निर्माण कार्य भी पूरा करने की बात कही गई है।
यह समय-सीमा स्थानीय जनता के लिए बड़ी राहत मानी जा रही है, क्योंकि लंबे समय से निर्माण कार्य की धीमी गति को लेकर असंतोष बना हुआ था।
डेढ़ वर्ष से जारी है स्थलीय निरीक्षण
उपेन यादव ने कहा कि वे पिछले डेढ़ वर्ष से लगातार पुलिया निर्माण कार्य का स्थलीय निरीक्षण कर रहे हैं। जब भी कार्य की गति धीमी हुई या रुकी, उन्होंने संबंधित अधिकारियों से मिलकर उसे तेज करवाने का प्रयास किया।
उन्होंने कहा कि बड़े वाहनों के लिए पुलिया चालू करने में हुई देरी को लेकर वे स्वयं NHAI कार्यालय पहुंचे और नाराजगी जताई, जिसके परिणामस्वरूप अधिकारियों को तत्काल शाहपुरा पहुंचकर निरीक्षण करना पड़ा।
जनता को दिया भरोसा
उपेन यादव ने शाहपुरा की देवतुल्य जनता को विश्वास दिलाया कि जब तक दोनों पुलियाएं पूर्ण रूप से तैयार नहीं हो जातीं, तब तक उनका प्रयास, अनुश्रवण और विभागीय समन्वय निरंतर जारी रहेगा।
उन्होंने कहा कि क्षेत्र की जनता की सुविधा और सुरक्षा सर्वोच्च प्राथमिकता है तथा किसी भी प्रकार की लापरवाही को बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।
