रिटर्निंग अधिकारियों के प्रशिक्षण में मतदाता सूची से लेकर मतदान और मतगणना तक की तैयारियों की समीक्षा
रणघोष न्यूज़। जयपुर, 24 अगस्त। राजस्थान में नगरीय निकाय आम चुनाव-2026 की तैयारियों को लेकर राज्य निर्वाचन आयोग ने अधिकारियों को पूरी गंभीरता के साथ काम करने के निर्देश दिए हैं। सोमवार को शासन सचिवालय स्थित राज्य निर्वाचन आयोग के सभागार में राज्य निर्वाचन आयुक्त श्री राजेश्वर सिंह की अध्यक्षता में प्रदेशभर के रिटर्निंग अधिकारियों का प्रशिक्षण आयोजित किया गया। वीडियो कॉन्फ्रेंस के माध्यम से हुए प्रशिक्षण में सभी जिलों के संबंधित अधिकारी जुड़े।
राज्य निर्वाचन आयुक्त ने जिलेवार चुनाव तैयारियों और अब तक हुई प्रगति की समीक्षा की। उन्होंने अधिकारियों से सीधे संवाद कर निर्वाचन कार्य में आ रही समस्याओं की जानकारी ली और उनके समाधान के लिए आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
प्रशिक्षण के दौरान मतदाता सूचियों में संशोधन एवं अद्यतन की स्थिति की समीक्षा की गई। आयुक्त ने निर्देश दिए कि सभी पात्र मतदाताओं के नाम मतदाता सूची में सुनिश्चित किए जाएं। इसके साथ ही दिव्यांगजनों और अन्य जरूरतमंद मतदाताओं के लिए मतदान केंद्रों पर आवश्यक सुविधाएं उपलब्ध कराने को कहा।
राज्य निर्वाचन आयुक्त ने संवेदनशील और अति संवेदनशील मतदान केंद्रों की तैयारियों की भी जानकारी ली। उन्होंने अधिकारियों को चुनाव से पहले सभी आवश्यक व्यवस्थाएं पूरी करने और किसी भी स्तर पर कमी नहीं रहने देने के निर्देश दिए।
चुनाव कार्य में लापरवाही पर नाराजगी
चुनाव तैयारियों में अपेक्षित गंभीरता नहीं बरतने वाले जिलों और अधिकारियों के प्रति राज्य निर्वाचन आयुक्त ने नाराजगी जाहिर की। उन्होंने स्पष्ट कहा कि निर्वाचन कार्य में किसी भी स्तर पर लापरवाही या शिथिलता स्वीकार नहीं की जाएगी। सभी अधिकारी निर्धारित समय-सीमा में चुनाव संबंधी कार्य पूरे करें और आयोग के निर्देशों की पूरी तरह पालना सुनिश्चित करें।
प्रशिक्षण में रिटर्निंग अधिकारियों को नामांकन, मतदान और मतगणना सहित निर्वाचन प्रक्रिया के विभिन्न चरणों और उनकी जिम्मेदारियों के बारे में विस्तार से जानकारी दी गई। अधिकारियों की शंकाओं का समाधान करते हुए आवश्यक मार्गदर्शन भी दिया गया।
आयुक्त ने कहा कि नगरीय निकाय चुनाव को निष्पक्ष, पारदर्शी, शांतिपूर्ण और सुचारू रूप से संपन्न कराने के लिए सभी अधिकारी आपसी समन्वय के साथ पूरी गंभीरता से कार्य करें। उन्होंने चुनाव से जुड़े कार्यों की नियमित निगरानी करने और किसी भी समस्या का समय पर समाधान सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
इस दौरान राज्य निर्वाचन आयोग के सचिव श्री राजेश वर्मा सहित अन्य अधिकारी एवं कर्मचारी मौजूद रहे।