नई दिल्ली स्थित युवा कांग्रेस के राष्ट्रीय कार्यालय में आयोजित राष्ट्रीय कार्यकारिणी की बैठक में राहुल गांधी ने युवा कांग्रेस के पदाधिकारियों एवं प्रदेश अध्यक्षों का मार्गदर्शन किया। यहां पर राहुल गांधी ने निष्ठावान पदाधिकारियों को उनके अमूल्य योगदान और सेवाभाव से किए गए कार्यों के लिए उन्हे सम्मानित किया। राहुल गांधी ने रेवाडी विधायक चिरंजीव राव को उनके लगभग 15 साल में युवा कांग्रेस में किए गए सराहनीय कार्यों के लिए सम्मानित किया। राहुल गांधी ने कहा कि चिरंजीव राव ने पूरी मेहनत व लगन के साथ पिछले 15 साल में युवा कांग्रेस के लिए काम किया है। मैं इनके उज्जवल भविष्य की कामना करता हूं।
रेवाड़ी विधायक चिरंजीव राव ने कहा कि आज यहां पर राहुल गांधी द्वारा किए गए सम्मान के लिए मैं राहुल गांधी का धन्यवाद करता हूं। युवा कांग्रेस में मैं 2007 में शामिल हुआ था। पिछले 15 साल में युवा कांग्रेस में मैं प्रदेश सचिव, प्रदेश महासचिव, प्रदेश अध्यक्ष व राष्ट्रीय सचिव और मध्य प्रदेश प्रभारी भी रहा हूं। इस दौरान मैंने कांग्रेस पार्टी के लिए अपनी पूरी निष्ठा के साथ कार्य किया है। मैंने युवा कांग्रेस में रहते हुए किसान, मजदूर, युवाओं सभी की आवाज को बुलंद करने का काम किया। युवा कांग्रेस में जिनके नेतृत्व में मैंने कार्य किया और जिन्होंने मेरे नेतृत्व में कार्य किया उन सभी का मैं धन्यवाद करता हूं। इस विदाई को यादगार बनाने के लिए मैं विशेष तौर पर युवा कांग्रेस के राष्ट्रीय प्रभारी कृष्णा अल्लावरू और राष्ट्रीय अध्यक्ष बीवी श्रीनिवास का दिल की गहराई से धन्यवाद करता हूं। इसके अलावा युवा कांग्रेस संगठन को सुनहरे भविष्य के लिए शुभकामनाएं देता हूं। चिरंजीव राव ने कहा कि मैं कांग्रेस पार्टी का सच्चा सिपाही हूं। युवा कांग्रेस ने जो जिम्मेदारी उसे निभाया और अब अखिल भारतीय राष्ट्रीय कांग्रेस जो जिम्मेदारी निभाएगी उसको भी बखुभी निभाउंगा।