आर्यन खान मामला: क्या समीर वानखेड़े की गिरफ्तारी होगी?

कॉर्डेलिया क्रूज़ ड्रग्स मामले में नारकोटिक्स कंट्रोल ब्यूरो (एनसीबी) ने फिल्म अभिनेता शाहरुख खान के बेटे आर्यन खान सहित छह आरोपियों को क्लीन चिट दे दी है। इसके बाद से सवाल उठ रहे हैं कि जब आर्यन खान से ड्रग्स मिली ही नहीं थी तो फिर आखिर उन्हें एनसीबी ने गिरफ्तार क्यों किया। बता दें कि आर्यन खान को पिछले साल क्रूज़ ड्रग्स मामले में गिरफ्तार किया गया था। एनसीबी के अधिकारियों ने उस समय अदालत में बताया था कि आर्यन खान के संबंध अंतरराष्ट्रीय ड्रग्स तस्करों से हैं। यही कारण था कि आर्यन खान को 26 दिनों तक जेल में रहना पड़ा था, लेकिन अब उसी एजेंसी द्वारा आर्यन खान को निर्दोष साबित करने के बाद सवाल उठ रहे हैं कि आखिरकार एनसीबी के तत्कालीन जोनल डायरेक्टर समीर वानखेड़े ने आर्यन खान पर शिकंजा क्यों कसा था। एनडीपीएस की स्पेशल कोर्ट में शुक्रवार को एनसीबी ने आर्यन खान ड्रग्स मामले में चार्जशीट दाखिल की थी। एनसीबी ने आर्यन खान समेत छह आरोपियों के खिलाफ चार्जशीट फाइल नहीं की। इसका मतलब यह था कि एनसीबी को इन छह आरोपियों के खिलाफ कोई भी सबूत नहीं मिला, जिससे यह साबित किया जा सके कि इन सभी छह आरोपियों की इस मामले में कोई भूमिका थी। एनसीबी ने अपनी चार्जशीट में इस बात का जिक्र किया है कि आर्यन खान और अरबाज मर्चेंट की ड्रग्स को लेकर हुई वॉट्स एप चैट से पता चला है कि आर्यन खान ने अरबाज मर्चेंट को ड्रग्स साथ लेकर क्रूज़ पर आने से मना किया था और कहा था कि अगर वह ऐसा करता है तो इस समय एनसीबी काफी अलर्ट है और वह मुश्किल में फंस सकता है। इसके अलावा एनसीबी की स्पेशल इन्वेस्टिगेशन टीम को आर्यन खान के खिलाफ एक भी ऐसा सबूत नहीं मिला जिससे यह साबित किया जा सके कि आर्यन खान के संबंध ड्रग सिंडिकेट से हैं। चार्जशीट के हवाले से यह भी बताया गया है कि इस मामले के किसी भी आरोपी ने आर्यन खान का नाम अपने बयान में नहीं लिया था। अरबाज मर्चेंट के हवाले से चार्जशीट में बताया गया है कि आर्यन ने उसे ड्रग्स लाने के लिए मना किया था। स्पेशल इन्वेस्टिगेशन टीम को ऐसे तमाम सबूत मिले जिसके चलते आर्यन खान को इस मामले में क्लीन चिट दे दी गयी। लेकिन ऐसे में सवाल यह उठता है कि जब आर्यन खान से ड्रग्स बरामद नहीं हुई थी और ना ही उसने ड्रग्स का सेवन किया था तो फिर आखिरकार मुंबई के पूर्व जोनल डायरेक्टर समीर वानखेड़े और उनकी टीम ने आर्यन खान को गिरफ्तार क्यों किया?