गर्व करने वाली रही रोहतक की विजय

इस सीट पर जीत दीपेंद्र हुडडा का इंतजार करती नजर आ रही थी


रणघोष अपडेट. रोहतक

हरियाणा की सबसे हॉट रोहतक संसदीय सीट जिस पर भाजपा ने दुबारा हासिल करने के लिए पूरी ताकत लगा दी थी लेकिन जीत ने पहले से ही कांग्रेस उम्मीदवार दीपेंद्र हुडडा को गले लगाने का इरादा बना लिया था इसलिए वह शुरूआत से ही दीपेंद्र के करीबी होती चली गईं और वे 3 लाख 21 हजार वोटों से जीत दर्ज कर गए।  दरअसल दीपेंद्र इस बार बेहद ही समझदारी से चुनाव में उतरे थे। उनके चेहरे का हाव भाव यह बताने के लिए काफी था की वे पिछली हार से सबक लेकर इस बार  मैदान में उतरे हैं। इसलिए समय रहते अपनी उस जमीन को मजबूत करना शुरू कर दिया जहा से उसे चुनौतियां मिली थी जिसमें कोसली विशेष तौर से शामिल है। यहां से धुर विरोधी पूर्व मंत्री जगदीश यादव एवं पूर्व विधायक राव यादुवेंद्र सिंह को एक साथ मंच पर बैठाकर दीपेंद्र ने इस विधानसभा सीट की राजनीति का मिजाज ही बदल दिया था। यही से उम्मीद मजबूत हो गई थी जीत अब दीपेंद्र का इंतजार कर रही है। दीपेंद्र ने अपने भाषण में संयमता बनाए रखी। उनके विरोधी भाजपा उम्मीदवार डॉ. अरविंद शर्मा ने अपने उत्तेजित शब्दों व भाषण से दीपेंद्र पर हमला बोला और उकसाने का प्रयास किया लेकिन दीपेंद्र ने धैर्य बनाए रखा। दूसरा भाजपा इस सीट पर पूरी तरह से बिखरी नजर आईं। पंडिजी की टिकट को लेकर यहां का संगठन खुश नही था। यही वजह भी भाजपा की हार को मजबूत कर गईं। हालांकि हाईकमान ने स्टार प्रचारकों से दीपेंद्र को हराने में कोई कसर नही छोड़ी लेकिन तब  तक देर हो चुकी थी दीपेंद्र अपने व्यवहार कुशल से मतदाताओं के दिल में जगह बना चुके थे। सही मायनों में रोहतक सीट पर दीपेंद्र के नाम पर लोगों ने वोट डाले हैं। कुल मिलाकर दीपेंद्र ने बेहद ही संजीदगी और शांत भाव से इस सीट को बिना शोर मचाए पूरे सम्मान के साथ जीत लिया। इसका अच्छा खासा फायदा कांग्रेस को आने वाले विधानसभा चुनाव में भी मिलेगा। इससे इंकार नही किया जा सकता।