जनता ने एनडीए में तीसरी बार विश्वास जताया, अभूतपूर्व पल: पीएम मोदी

रणघोष अपडेट. देशभर से 

प्रधानमंत्री मोदी ने चुनाव नतीजों को एनडीए सरकार में लोगों का भरोसा जताने वाला क़रार दिया है। उन्होंने कहा है कि देश की जनता-जनार्दन ने एनडीए पर लगातार तीसरी बार अपना विश्वास जताया है और यह भारत के इतिहास में एक अभूतपूर्व पल है। प्रधानमंत्री मोदी ने मतगणना के बीच आ रहे चुनाव नतीजों के बीच कहा, ‘मैं इस स्नेह और आशीर्वाद के लिए अपने परिवारजनों को नमन करता हूं। मैं देशवासियों को विश्वास दिलाता हूं कि उनकी आकांक्षाओं को पूरा करने के लिए हम नई ऊर्जा, नई उमंग, नए संकल्पों के साथ आगे बढ़ेंगे। सभी कार्यकर्ताओं ने जिस समर्पण भाव से अथक मेहनत की है, मैं इसके लिए उनका हृदय से आभार व्यक्त करता हूं, अभिनंदन करता हूं।’प्रधानमंत्री मोदी की यह प्रतिक्रिया तब आई है जब लोकसभा चुनाव के नतीजे अभी आ ही रहे हैं। हालाँकि, काफ़ी हद तक चुनाव नतीजे साफ़ हो गए हैं। एनडीए 290 सीट पर जीतता हुआ दिख रहा है। हालाँकि इसमें बीजेपी की सीटें 240 से नीचे ही दिख रही है और इस तरह वह अपने दम पर बहुमत पाती हुई नहीं दिख रही है। बहुमत के लिए 272 का आँकड़ा ज़रूरी है। इंडिया गठबंधन ने इस चुनाव में शानदार प्रदर्शन किया और वह 234 सीटों पर जीतता दिख रहा है। इस तरह के नतीजे के लिए यूपी में बीजेपी की क़रारी शिकस्त काफ़ी हद तक ज़िम्मेदार है। यूपी में एनडीए 36 सीटों और इंडिया 43 सीटों पर जीत दर्ज करता हुआ दिख रहा है।  बता दें कि लोकसभा चुनाव में यूपी में बीजेपी को बड़ा झटका लगा है। वाराणसी से खुद प्रधानमंत्री मोदी की जीत का अंतर काफी कम हो गया। प्रधानमंत्री मोदी ने वाराणसी सीट से क़रीब डेढ़ लाख वोटों से जीत दर्ज की है। इससे पहले जब अमित शाह से लेकर कई बड़े नेता चुनाव अभियान के दौरान वहाँ कैंप कर रहे थे तो दावा किया गया था कि वे जीत का अंतर 10 लाख वोट करने के प्रयास में हैं।