दक्षिण हरियाणा में तेजी से बदला घटनाक्रम

राव जीत के बाद अब अपना हिसाब चुकता करेंगे, आरती को चुनाव लड़ाने का किया एलान


रणघोष खास. रेवाड़ी. हरियाणा से सुभाष चौधरी


लोकसभा चुनाव में गुरुग्राम सीट पर भाजपा की टिकट पर लगातार तीसरी बार सांसद बने राव इंद्रजीत सिंह आने वाले दिनों में अलग ही तेवर में नजर आएंगे। चार माह बाद होने जा रहे विधानसभा चुनाव में उनकी बेटी आरती राव हर लिहाज से चुनाव लड़ेगी। इसका एलान राव ने अपने आवास पर कार्यकर्ताओं की मौजूदगी में कर दिया। इसका मतलब जिस परिवारवाद का हवाला देकर भाजपा पिछले दो चुनावों में उनकी बेटी को टिकट देने से मना करती रही थी क्या वह इस बार भी अपने नियमों पर अडिग रहेगी या राव के लिए उसे अपना फैसला बदलना पड़ेगा। यह देखने वाली बात होगी। इतना जरूर है की राव किसी भी सूरत में अब भाजपा में दबाव की राजनीति से निजात पाकर अपनी मिजाज की राजनीति करने का इरादा बना चुके हैं।

इस जीत के बाद कार्यकर्ताओं से रूबरू होते हुए राव के चेहरे पर जीत की जगह कई तरह का आक्रोश ज्यादा नजर आ रहा था जिसे वे शब्दों से जाहिर कर रहे थे। उन्होंने इशारों ही इशारों में बावल में मिली कम मतों की बढ़त  के लिए मौजूद कैबिनेट मंत्री डॉ. बनवारीलाल की तरफ  इशारा कर दिया। राव ने माना की सुबह से ही जिस तरह से रूझान आ रहे थे उन्होंने दोपहर तक परेशानी में डाला हुआ था। उम्मीद से कम मतों से जीत मिली। इस जीत के बाद इतना स्पष्ट हो गया है की राव अब पूरी ताकत दक्षिण हरियाणा की 11 सीटों पर अपने प्रभाव को असरदार करने के लिए लगाएंगे। वे चाहेंगे की भाजपा हाईकमान इस क्षेत्र में उनके हिसाब से फैसले ले। जाहिर है राव आने वाले कुछ दिनों में भाजपा के उन नेताओं की सूची भी हाईकमान को भेजेंगे जो पूरे चुनाव में ना केवल गायब रहे साथ ही सहयोग तो दूर खिलाफत करते नजर आए। हालांकि इसका इशारा वे चुनाव प्रचार में कई बार कर चुके थे। अब इस जीत के बाद और मौजूदा राजनीति में तेजी से बदल रहे घटनाक्रम को देखते हुए राव इसे अपने लिए बेहतर अवसर मान रहे हैं। हरियाणा में जिस तरह  से भाजपा का ग्राफ तेजी से नीचे गिरा है। उस हिसाब से दक्षिण हरियाणा एक बार फिर भाजपा के लिए आक्सीजन की तरह काम करेगी। देखते है की राव आने वाले दिनों में किस तौर तरीकों से अपनी राजनीति को आगे बढ़ाते हैँ। इतना जरूर है की भाजपा के बाहर जो स्थिति बनी हुई है उससे ज्यादा विस्फोटक स्थिति पार्टी के अंदर बन चुकी है जिसे संभाल पाना अब आसान नही होगा।