नगर निकाय के चुनाव छोटे जरूर हैं लेकिन इसके जख्म बहुत गहरे होंगे

रेवाड़ी नगर सीट पर एक दूसरे के पत्ते खोलने का इंतजार कर रहे भाजपा- कांग्रेसी

 नगर निकाय  रेवाड़ी चेयरपर्सन के लिए कांग्रेस और भाजपा उम्मीदवार को लेकर लगातार मंथन जारी है। कांग्रेस की तरफ से सबकुछ पूर्व मंत्री कप्तान अजय सिंह यादव को करना है। यहां अन्य दावेदारों को लेकर कोई शोर नहीं है वहीं भाजपा में स्थिति एकदम उलट है। यहां रोज पार्टी कार्यालय में चेयरमैन के लिए ऐसे चेहरे भी सामने आ रहे हैं जो सभी के लिए चौकाने वाले हैं। हालांकि यहां भी केंद्रीय मंत्री राव इंद्रजीत सिंह अपना पूरा दखल रखेंगे। अगर उनकी चली तो भाजपा का एक धड़ा मंच पर जरूर साथ नजर आएगा लेकिन पीछे से गणित इधर उधर बदलता रहेगा। अगर राव चेयरमैन को लेकर दिलचस्पी नहीं दिखाते हैं तो पार्टी कैडर से आने वाले उम्मीदवार के लिए भी सबको साथ चलना सबसे बड़ी चुनौती रहेगी। यहां पार्टी कार्यालय में जमा हुए चेयरमैन दावेदारी के आवेदनों  पर गौर करे तो जातिगत समीकरण के हिसाब से हार- जीत के समीकरण तैयार किए जा रहे हैं। चूंकि पहली बार सीधे चेयरमैन चुनने की प्रक्रिया शुरू हुई है। इसलिए भाजपा पदाधिकारी एवं दावेदार भी समझ नहीं पा रहे कि टिकट सिस्टम से मिलती है या दिल्ली- चंडीगढ़ से मिलने वाले आशीर्वाद से। एक समय था जब गुटबाजी और धड़ेबाजी से कांग्रेस ने सभी को पीछे छोड़ रखा था। आज वहीं स्थिति भाजपा में बन चुकी है। 2019 के विधानसभा चुनाव में पार्टी इसका खामियाजा भुगत चुकी है। उधर दूसरी तरफ कांग्रेस की बात करें तो यहां पूर्व मंत्री कप्तान अजय सिंह यादव की अपनी राजनीतिक हैसियत है जो चिरंजीव राव के विधायक बनने के बाद और मजबूत हुई है। ऐसे में कप्तान परिवार से कोई इस पद के लिए उतरता है तो मुकाबला पूरी तरह दिलचस्प होगा। इसलिए कप्तान ने समझदारी दिखाते हुए अभी अपने पत्ते नहीं खोले हैं। अगर चेयरमैन की सीट उनके परिवार के खाते में आती हैं तो इसका असर चंडीगढ़- दिल्ली में भी सुनाई देगा। बरोदा उपचुनाव के बाद नगर निकायों के परिणामों से काफी हद तक साफ हो जाएगा कि जनता भाजपा- जेजेपी सरकार से कितनी खुश है या नाराज। बेशक इसे छोटा चुनाव माना जा रहा है लेकिन इससे मिली हार के घाव बहुत गहरे होंगे। इसलिए आने वाले दिनों में इस चुनाव में भी घमासान नजर आएगा। इसमें कोई शक नहीं है।   

 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *