पटना में बड़ा हादसा; गंगा नदी में नाव पटलने से 5 लोग डूबे, NHAI के पूर्व अधिकारी भी शामिल

राजधानी पटना में बाढ़ के उमाशंकर घाट पर रविवार की सुबह पांच लोग गंगा में डूब गए। सभी नालंदा से शव का अंतिम संस्कार करने आए थे। अंतिम संस्कार के बाद स्नान के लिए नाव से गंगा के दूसरे छोर पर जाने के दौरान यह हादसा हुआ। डूबने वालों में एनएचएआई के पूर्व क्षेत्रीय अधिकारी अवधेश कुमार और उनके पुत्र समेत पांच लोग शामिल बताए जा रहे हैं। एनडीआरएफ की टीम डूबे लोगों की तलाश कर रही है। पटना के डीएम शीर्षत कपिल अशोक भी मौके पर पहुंचकर घटना की पूरी जानकारी ली।

पटना के एसएसपी राजीव मिश्रा ने बताया कि नाव पर एक ही परिवार के 17 लोग सवार थे। इनमें 12 को नाविकों और स्थानीय गोताखोरों की मदद से बचा लिया गया। एसडीआरएफ टीम भी मौके पर पहुंच गई है और गंगा में डूबे लोगों की तलाश में जुटी है।