— हर स्वस्थ व्यक्ति कर सकता है रक्तदान: सीएमओ डॉ कृष्ण कुमार
रणघोष अपडेट. रेवाड़ी
नागरिक अस्पताल रेवाडी में मंगलवार को हरियाणा राज्य भारत स्काउट एण्ड गाईड जिला रेवाडी की कब-बुलबुल शाखा के तत्वाधान में महिला रक्तदान शिविर का आयोजन किया गया। शिविर का उद्घाटन डॉ कंचन, डॉ सीमा व डॉ रीतू ने संयुक्त रूप से रिबन काटकर किया। इस अवसर पर सीएमओ डॉ कृष्ण कुमार, जिला शिक्षा अधिकारी राजेश कुमार, पीएमओ डॉ सुशील माही व ब्लड बैंक की इंचार्ज डॉ नीतू भी मौजूद रहे। इस शिविर में महिलाओं द्वारा 20 यूनिट रक्तदान किया गया। जिला शिक्षा अधिकारी राजेश कुमार ने रक्तदाताओं का उत्साह बढ़ाते हुए इस अवसर पर कहा कि परोपकार करना है तो रक्तदान करें। इसमें लोगों का जीवन बचाने का सौभाग्य मिलता है। उन्होंने कहा कि रक्तदान महादान है, हम रक्तदान करके दूसरों के प्राणों की रक्षा में सहयोग करते है। जिला शिक्षा अधिकारी ने कहा कि रामचरित्र मानस में लिखा है परहित सरिस धरम नहि भाई। रक्तदान परोपकार का सर्वोत्तम उदहारण है। उन्होंने कहा कि खून की कमी के कारण कई जटिल ऑपरेशन टालने पड़ते है। गंभीर रोगियों के लिए समय पर खून उपलब्ध कराना पूरे समाज की जिम्मेदारी है।



