रणघोष अपडेट. देशभर से
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी गुरुवार को फ्रांस के राष्ट्रपति इमैनुएल मैक्रॉन के निमंत्रण पर फ्रांस के लिए रवाना हुए। वह दो दिन (13 जुलाई और 14 जुलाई) फ्रांस में रहेंगे। 14 जुलाई (शुक्रवार) को, पीएम मोदी वार्षिक बैस्टिल डे परेड में सम्मानित अतिथि होंगे, जिसमें 269 सदस्यीय भारतीय त्रि-सेवा दल की भागीदारी होगी। 15 जुलाई को पीएम वहां से यूएई जाएंगे।प्रधानमंत्री मोदी रक्षा, अंतरिक्ष, व्यापार और निवेश सहित कई प्रमुख क्षेत्रों में सहयोग को आगे बढ़ाने के लिए राष्ट्रपति इमैनुएल मैक्रॉन के साथ भी बातचीत करेंगे। फ्रांस दौरे के बाद पीएम मोदी का अबू धाबी जाने का भी कार्यक्रम है।प्रधानमंत्री ने गुरुवार सुबह ट्विटर पर कहा, “पेरिस के लिए रवाना हो रहा हूं, जहां मैं बैस्टिल दिवस समारोह में हिस्सा लूंगा। मैं राष्ट्रपति इमैनुएल मैक्रॉन और अन्य फ्रांसीसी गणमान्य व्यक्तियों और शीर्ष सीईओ के साथ सार्थक चर्चा की आशा करता हूं। अन्य कार्यक्रमों में भारतीय समुदाय के साथ बातचीत शामिल है।” पीएम मोदी ने अपनी यूएई यात्रा का भी जिक्र किया और कहा, “15 तारीख को, मैं आधिकारिक यात्रा के लिए यूएई में रहूंगा। मैं महामहिम शेख मोहम्मद बिन जायद अल नाहयान के साथ बातचीत करूंगा। मुझे विश्वास है कि हमारी बातचीत से भारत को ताकत मिलेगी। यूएई से दोस्ती हमारे देशों के लोगों को लाभ पहुंचाएगी।”