पुतिन ने विरोधियों को चेताया- रूस में ‘नीच व देशद्रोहियों’ का सफ़ाया होगा

रणघोष अपडेट.  विश्वभर से 

रूस के राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन ने विरोधियों को कड़ी चेतावनी दी है। उन्होंने अमेरिका और उसके सहयोगियों के लिए गुप्त रूप से काम करने का आरोप लगाते हुए कहा कि रूस से ‘नीच और देशद्रोहियों’ का सफाया कर देंगे। हालाँकि उन्होंने यह साफ़ नहीं किया कि सफाया करने से उनका क्या मतलब है और किस तरह की सज़ा देने की बात वह कर रहे हैं। पुतिन यूक्रेन पर हमला करने के बाद से ही अपने देश में ही विरोध का सामना कर रहे हैं। कई लोगों ने युद्ध के लिए पुतिन की आलोचना की है और उनके ख़िलाफ़ प्रदर्शन भी किए हैं। हाल ही में एक पत्रकार को तो हिरासत में ले लिया गया था वह भी इसलिए कि उसने ‘युद्ध नहीं करें’ लिखी तख्ती दिखाकर विरोध किया था।घरेलू आलोचनाओं का सामना कर रहे व्लादिमीर पुतिन ने टीवी पर वीडियो कॉफ्रेंस की और इसमें उन्होंने आरोप लगाया कि पश्चिमी देश रूस को तबाह करना चाहते हैं। बता दें कि यूक्रेन के हमले के बाद पश्चिमी देशों ने रूस पर आर्थिक प्रतिबंध लगाए हैं। इन प्रतिबंधों से रूस में गंभीर आर्थिक संकट खड़े हो गए हैं। महंगाई आसमान छू रही है। पश्चिमी देश हथियारों और दूसरे तरीक़ों से यूक्रेन की मदद भी कर रहे हैं।

ब्लूमबर्ग की रिपोर्ट के अनुसार पुतिन ने कहा, ‘कोई भी व्यक्ति, और विशेष रूप से रूसी लोग, हमेशा देशभक्तों को नीच और देशद्रोहियों से अलग करने में सक्षम होंगे और उन्हें उस मच्छर की तरह थूक देंगे जो ग़लती से उनके मुंह में पड़ गया हो।’ उन्होंने आगे कहा, ‘मुझे विश्वास है कि समाज की यह प्राकृतिक और ज़रूरी स्वत: सफाई ही हमारे देश, हमारी एकजुटता, एकता और किसी भी चुनौती का सामना करने की तत्परता को मज़बूत करेगी।’व्लादिमीर पुतिन की यह प्रतिक्रिया तब आई है जब इसी हफ़्ते रूस के सरकारी चैनल वन के एक प्रोड्यूसर ने यूक्रेन में युद्ध के ख़िलाफ़ सार्वजनिक विरोध किया था और समाचार को बाधित किया था। प्रोड्यूसर मरीना ओव्स्यानिकोवा ने कुछ समय के लिए न्यूज एंकर के पीछे एक तख्ती दिखाते हुए कहा था ‘वे आपसे झूठ बोल रहे हैं।’ मरीना को हिरासत में लिया गया था जिन्हें जुर्माना लगाकर छोड़ा गया है।  हालाँकि उन्हें अभी भी 15 साल तक जेल की सजा हो सकती है। रूस ने हाल ही में ऐसा क़ानून बनाया है कि यदि कोई देश की आलोचना करता है और उसे देशद्रोही ठहरा दिया जाए तो उसे 15 साल तक जेल की सजा हो सकती है। कुछ दिन पहले ही रूस के एक टीवी समाचार चैनल टीवी रेन का एक वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हुआ था जिसमें दिख रहा था कि लाइव प्रसारण के दौरान ही टीवी चैनल के पूरे स्टाफ़ ने इस्तीफा दे दिया। चैनल के अंतिम प्रसारण में ‘युद्ध नहीं’ घोषित करने के बाद इसके सभी कर्मचारियों ने लाइव प्रसारण के दौरान इस्तीफा दे दिया था। यह फ़ैसला तब लिया गया जब यूक्रेन युद्ध पर टीवी रेन के कवरेज को लेकर रूसी अधिकारियों ने इसके संचालन को निलंबित कर दिया था।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *