महागठबंधन में सीट बंटवारा फाइनल, तेजस्वी यादव आज करेंगे ऐलान, जानिए किसे मिलेंगी कितनी सीटें?

इंडिया गठबंधन के घटक दलों राजद, कांग्रेस व वामदलों के बीच आधिकारिक रूप से सीट बंटवारे की घोषणा आज यानी शुक्रवार को होगी। इसके लिए राजद के प्रदेश कार्यालय में इंडिया गठबंधन की ओर से सवा 12 बजे प्रेस कांफ्रेंस रखा गया है। इस प्रेस कांफ्रेंस में गठबंधन की ओर से नेता प्रतिपक्ष तेजस्वी प्रसाद यादव व कांग्रेस एवं वामदलों के प्रमुख नेता मौजूद रहेंगे। यह जानकारी प्रदेश राजद प्रवक्ता चितरंजन गगन ने दी।

जानकारी के अनुसार इंडिया गठबंधन के बीच बिहार की 40 लोकसभा सीटों के लिए सीट बंटवारे पर अंतिम रूप से सहमति बन गयी है। गोपालगंज, वाल्मीकिनगर व शिवहर को लेकर गुरुवार को दो दौर की बैठकों में कांग्रेस व राजद नेताओं के बीच चर्चा हुई। यह बैठक नई दिल्ली में कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे के आवास पर गुरुवार को हुई।

राजद ने पूर्णिया सीट कांग्रेस को देने से इनकार कर दिया है। जबकि, प्रदेश में कांग्रेस को 9 सीट देने की स्थिति में झारखंड में राजद के लिए पलामू व चतरा अथवा कोडरमा सीट की मांग रखी गयी है। इंडिया गठबंधन में वामदलों में भाकपा को एक सीट बेगूसराय व माकपा को एक सीट खगड़िया दिए जाने पर सहमति बनी है। जबकि, भाकपा माले को तीन सीट नालंदा, आरा व काराकाट दिए जाने को लेकर भी अंतिम सहमति बन चुकी है। वहीं, जानकार सूत्रों के अनुसार वीआईपी के इंडिया गठबंधन में आने पर राजद अपनी सीटों में उसे एडजस्ट करेगा।

आपको बता दें पूर्णिया सीट पर पर पप्पू यादव और जेडीयू छोड़ आरजेडी में शामिल हुईं बीमा भारती ने दावेदारी ठोंक दी है। पप्पू यादव तो यहां तक कह चुके हैं। कि दुनिया छोड़ देंगे लेकिन पूर्णिया नहीं छोड़ेंगे। वहीं बीमा भारती को आरजेडी ने पूर्णिया से अपना प्रत्याशी बनाया है। और प्रेस कॉन्फ्रेंस कर बीमा ने भी पूर्णिया पर लड़ाई का ऐलान किया है। ऐसे में देखना होगा कि कांग्रेस में अपनी पार्टी का विलय करने वाले पप्पू यादव का अगला कदम क्या होगा?