यूपी-बिहार समेत दिल्ली में पड़ने लगी कड़ाके की ठंड

उत्तर भारत पिछले कई दिनों से कोहरे की मार झेल रहा है. देश की राजधानी दिल्ली और इससे सटा NCR भी इस घने कोहरे की चादर से ढका हुआ है. कोहरा इतना घना है कि कई इलाकों में विजिविलिटी जीरो हो गई है. ठंड की इस स्थिति को देखते हुए भारत मौसम विज्ञान विभाग ने आने वाले कुछ हफ्तों में तापमान में अभी और गिरावट के संकेत दिए हैं.

IMD के अनुसार में शनिवार और रविवार को भीषण ठंड पड़ सकती है. इसके साथ ही IMD ने चेतावनी दी है कि पारे में गिरावट के साथ ही पहाड़ों से आ रही ठंडी हवाएं दिल्ली में सिहरन पैदा कर सकती हैं. मौसम विभाग ने दिल्ली-एनसीआर के साथ ही पंजाब, हरियाणा और चंडीगढ़ के कुछ हिस्सों में ‘कोल्ड डे’ की स्थिति का पूर्वानुमान जताया है. IMD ने 2 जनवरी तक उत्तर भारतीय राज्यों में कोहरे के लिए यलो अलर्ट जारी किया है. बता दें कि कोल्ड डे तब होता है जब लगातार दो दिन न्यूनतम तापमान 10 डिग्री सेल्सियस से नीचे हो और अधिकतम तापमान सामान्य से 4.5 से 6.4 डिग्री सेल्सियस कम हो.

दिल्ली से सटे उत्तर प्रदेश में भी ठंड और कोहरे के चलते अलर्ट जारी कर दिया गया है. उत्तर प्रदेश के 29 जिलों में ठंड का अलर्ट जारी किया गया है और नए साल तक इन सभी जिलों और इसके आसपास के इलाके में कोल्ड डे की घोषणा की गई है. वहीं दिल्ली-एनसीआर के कई इलाकों में कोहरे के चलते विजिबिलिटी 0-50 मीटर तक रही. मौसम विभाग के मुताबिक अगले तीन से चार दिनों तक पूरे उत्तर भारत में कोहरे के चलते विजिबिलिटी काफी कम रहेगी.

स्काइमेट वेदर के अनुसार तमिलनाडु और लक्षद्वीप में हल्की बारिश के साथ एक या दो स्थान पर मध्यम बारिश संभव है. 31 दिसंबर और 1 जनवरी को पश्चिमी हिमालय के ऊपरी इलाकों में हल्की बारिश और बर्फबारी हो सकती है. पंजाब, हरियाणा, दिल्ली, उत्तर प्रदेश, उत्तरी राजस्थान, बिहार के कुछ हिस्सों, झारखंड और ओडिशा में घना से बहुत घना कोहरा जारी रह सकता है.