राजस्थान में किसान सम्मान निधि में अब 8 हजार मिलेंगे:भजनलाल सरकार देगी 2 हजार, केंद्र सरकार पहले से दे रही 6 हजार रुपए

राजस्थान में लोकसभा चुनाव के परिणाम के बाद मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने PM किसान सम्मान निधि के तहत 2 हजार रुपए देने की घोषणा की है। इसी योजना में केंद्र सरकार पहले से ही किसानों को 6 हजार रुपए दे रही है। अब कुल 8 हजार रुपए किसानों को हर साल मिलेंगे। शनिवार को सीएम ने इसकी जानकारी अपने सोशल मीडिया अकाउंट ‘X’ पर दी। इस बढ़ोतरी से राजस्थान सरकार पर हर साल 1300 करोड़ रुपए का अतिरिक्त भार पड़ेगा।

12 हजार रुपए तक बढ़ाई जाएगी किसान सम्मान निधि
भारतीय जनता पार्टी ने किसानों को दी जाने वाली सम्मान निधि को बढ़ाने का वादा चुनावी घोषणा पत्र में किया था। वादा किया गया था कि किसान सम्मान निधि को हर साल बढ़ाकर 12 हजार रुपए की जाएगी। आने वाले समय में सरकार 4000 रुपए की राशि बढ़ाने की भी तैयारी कर रही है।

2019 में हुई थी योजना की घोषणा
1 फरवरी 2019 को भारत सरकार ने अंतरिम केंद्रीय बजट में इस योजना को लागू करने की घोषणा की थी। देशभर के किसान परिवारों को वित्तीय सहायता प्रदान करने के लिए यह योजना शुरू की गई थी। इस योजना के तहत सभी पात्र किसान परिवारों को तीन समान किस्तों में हर साल 6000 रुपए दिए जाते हैं। राजस्थान के किसानों को अब 8 हजार रुपए मिलेंगे।