हरियाणा हिंसा: छुट्टी पर रहे नूंह एसपी सिंगला का तबादला

रणघोष अपडेट. देशभर से 

हरियाणा में नूंह के पुलिस अधीक्षक वरुण सिंगला का गुरुवार देर रात तबादला कर दिया गया। वह कथित तौर पर उस दिन छुट्टी पर थे जब नूंह में हिंसा हुई थी। सवाल उठ रहे थे कि आख़िर पुलिस की उस दिन क्या तैयारी थी जिस दिन विश्व हिंदू परिषद यानी वीएचपी की शोभायात्रा निकलने वाली थी। वहाँ पहले से ही तनाव का माहौल था। मोनू मानेसर के उस शोभायात्रा में शामिल होने के वीडियो आने के बाद तनाव बढ़ गया था। जब शोभायात्रा निकली तो झड़पें हुईं। हिंसा में अब तक कम से कम छह लोगों की जान चली गई।

बहरहाल, वरुण सिंगला को अब भिवानी में तैनात किया गया है। उनकी जगह आईपीएस नरेंद्र बिजारणिया को नूंह का एसपी बनाया गया है। झड़प की शुरुआत में नरेंद्र बिजारनिया को भिवानी से नूंह ले जाया गया था और अब एसपी के रूप में उनकी नियुक्ति के लिए स्थायी आदेश जारी किए गए हैं।

विश्व हिंदू परिषद की शोभायात्रा के दौरान नूंह में हिंसा भड़की थी। इसके बाद यह पिछले कुछ दिनों में गुरुग्राम तक फैल गई। अब तक इस हिंसा में छह लोगों की मौत हो गई है। अनियंत्रित भीड़ ने कई वाहनों, खाद्य दुकानों और दुकानों में आग लगा दी। हिंसा के बाद कर्फ्यू लगा दिया गया था।

हरियाणा में सांप्रदायिक झड़पों के सिलसिले में कुल 176 लोगों को गिरफ्तार किया गया है और पांच जिलों में 93 एफआईआर दर्ज की गई हैं। इसमें से नूंह में 46 और गुरुग्राम में 23 एफआईआर शामिल हैं। इस बीच, गुरुवार को नूंह में कर्फ्यू में ढील दी गई। शुक्रवार को सुबह 10 बजे से तीन घंटे के लिए कर्फ्यू में ढील दी जाएगी। 

हरियाणा सरकार ने एक समिति का गठन किया है जो राज्य में कानून व्यवस्था और सांप्रदायिक सद्भाव बनाए रखने के लिए उत्तेजक सामग्री के प्रसार को रोकने के लिए सोशल मीडिया प्लेटफार्मों की निगरानी करेगी।