राष्ट्रीय जनता दल (RJD) के अध्यक्ष लालू प्रसाद यादव ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को दी गई गाली के खिलाफ एनडीए द्वारा बुलाए गए बिहार बंद पर तीखी प्रतिक्रिया दी है। उन्होंने भाजपा और एनडीए दलों पर आरोप लगाया कि बिहार बंद के नाम पर राज्यवासियों को परेशान किया जा रहा है और बिहारियों का अपमान किया जा रहा है।
बंद के दौरान बिहार के विभिन्न जिलों में एनडीए कार्यकर्ता और नेता सड़कों पर उतरे। इस दौरान राहुल गांधी और तेजस्वी यादव के खिलाफ नारेबाजी भी हुई। वहीं, सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X (पूर्व ट्विटर) पर लालू यादव ने प्रधानमंत्री मोदी पर सीधा हमला बोला और लिखा—
“क्या प्रधानमंत्री मोदी ने भाजपाइयों को आदेश दिया है कि आज पूरे बिहार और बिहारियों की माताओं-बहनों और बेटियों को गाली दो? गुजराती लोग बिहारियों को इतने हल्के में ना लें। यह बिहार है। बीजेपी के गुंडे-मव्वाली सम्मानित शिक्षिकाओं, राह चलती महिलाओं, छात्राओं, गर्भवती महिलाओं, बुजुर्गों और पत्रकारों को गालियां दे रहे हैं और उनके साथ हाथापाई कर दुर्व्यवहार कर रहे हैं। क्या यह उचित है?”
गौरतलब है कि राहुल गांधी की वोटर अधिकार यात्रा के दौरान पीएम मोदी को गाली दिए जाने को लेकर भाजपा और एनडीए ने इसे प्रधानमंत्री की मां का अपमान बताया था और इसी के विरोध में सुबह 7 बजे से दोपहर 12 बजे तक बिहार बंद का ऐलान किया गया। पूरे राज्य से बंदी और प्रदर्शन की खबरें आईं।
कई जगहों पर उग्र प्रदर्शन भी हुए, हालांकि ट्रेन और आवश्यक सेवाओं को बंद से मुक्त रखा गया। इसी बीच नालंदा जिले के पतासंग गांव (NH-20) के पास केंद्रीय मंत्री किरेन रिजिजू का काफिला भी जाम में फंस गया, जब वे राजगीर की ओर जा रहे थे।
बिहार की सियासत में इस मुद्दे ने नया मोड़ ले लिया है। एक ओर भाजपा और एनडीए मोदी को गाली के खिलाफ लामबंद हैं, वहीं लालू यादव इसे बिहारियों का अपमान बताते हुए पलटवार कर रहे हैं।