भारतीय युवक का UAE Jackpot – 35 Crore की लॉटरी जीतकर अब India लौटने का फैसला

यूएई के अबू धाबी में रह रहे एक भारतीय प्रवासी की किस्मत रातोंरात चमक गई। 30 वर्षीय संदीप कुमार ने अबू धाबी बिग टिकट ड्रॉ में करीब 35 करोड़ रुपये की लॉटरी जीती है। इस जीत ने उनकी जिंदगी को पूरी तरह बदल दिया है और अब उन्होंने भारत लौटने का इरादा जताया है।

उत्तर प्रदेश के निवासी संदीप कुमार पिछले तीन वर्षों से यूएई में कार्यरत हैं। वह दुबई ड्राईडॉक्स में तकनीशियन के रूप में काम करते हैं। संदीप की पत्नी, दो भाई, बहन और पिता गांव में ही रहते हैं। हाल के महीनों में उनके पिता की तबीयत बिगड़ रही थी, जिस कारण वह परिवार के साथ रहना चाहते थे। अब इस लॉटरी की जीत ने उन्हें परिवार के पास लौटने का साहस दिया है।

संदीप ने बताया कि उन्हें यह जीत दोस्तों की वजह से मिली। उनके दोस्तों ने अबू धाबी बिग टिकट जैकपॉट के बारे में जानकारी दी थी। वह लगातार तीन महीनों से टिकट खरीद रहे थे। 19 अगस्त को संदीप और उनके 19 दोस्तों ने मिलकर लकी टिकट नंबर 200669 खरीदा। 3 सितंबर को हुए ड्रॉ में उनका नंबर निकल आया। लाइव शो के दौरान जब उन्हें कॉल आया तो पहले उन्हें यकीन नहीं हुआ, लेकिन होस्ट ने जब बताया कि वह 15 मिलियन दिरहम यानी लगभग 35 करोड़ रुपये जीत चुके हैं, तो वह भावुक हो गए।

संदीप ने पत्रकारों से कहा, “ज़िंदगी में पहली बार इतनी बड़ी खुशी मिली है। अब मैं भारत लौटकर अपने परिवार के साथ रहूंगा और जीती हुई रकम से अपना खुद का बिजनेस शुरू करूंगा।”

हालांकि, यह पूरी राशि संदीप को अकेले नहीं मिलेगी। क्योंकि टिकट उन्होंने 19 अन्य दोस्तों के साथ मिलकर खरीदा था। इसलिए कुल राशि 20 हिस्सों में बंटेगी। इस तरह से संदीप को 750,000 दिरहम (करीब 1.80 करोड़ रुपये) मिलेंगे।

बिग टिकट ड्रॉ में संदीप के अलावा छह अन्य प्रतिभागियों ने भी 100,000 दिरहम की राशि जीती है। इस जीत के बाद संदीप का कहना है कि वह अब अपनी जिंदगी नए सिरे से शुरू करेंगे और परिवार के साथ वक्त बिताने का सपना पूरा करेंगे।