केंद्र सरकार की तरफ से की जा रही बातचीत की कोशिशें आखिरकार रंग लाती दिख रही हैं, क्योंकि जंतर-मंतर पर धरना दे रही कॉकरोच जनता पार्टी के सदस्यों का एक प्रतिनिधिमंडल सरकार के नुमाइंदों से मुलाकात के लिए तैयार हो गया है। इस बारे में सूत्रों से प्राप्त जानकारी के आधार पर समाचार एजेंसी पीटीआई ने गुरुवार देर रात को बताया कि दोनों पक्षों के बीच यह बैठक शुक्रवार दोपहर 12.30 बजे हो सकती है।
सूत्रों ने बताया कि यह बैठक NEET पेपर लीक मामले में जारी गतिरोध को खत्म करने के लिए पर्दे के पीछे हुई गहन बातचीत के बाद हो रही है। हालांकि यह मीटिंग कहां पर होगी, इस बारे में कोई जानकारी सामने नहीं आ सकी है और ना ही यह पता चल सका है कि बैठक में कौन से मंत्री सरकार की तरफ से शामिल होंगे।
केंद्रीय मंत्री जितेंद्र सिंह ने दिया था बातचीत का न्योता
इससे पहले गुरुवार दोपहर को केंद्रीय मंत्री जितेंद्र सिंह ने सरकार की तरफ से विनम्रतापूर्वक सीजेपी के प्रतिनिधियों को चर्चा के लिए आमंत्रित किया था और कहा था कि सरकार उनके साथ बातचीत के लिए तैयार है। सिंह ने बताया था कि सरकार की तरफ से स्वास्थ्य मंत्री जेपी नड्डा और वे खुद बातचीत करेंगे। जिसके बाद उम्मीद की जा रही है कि शुक्रवार को होने वाली बैठक में भी ये दोनों ही नेता शामिल हो सकते हैं।
NEET पेपर लीक मामले में शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान के इस्तीफे की मांग को लेकर CJP के नेतृत्व में जंतर-मंतर पर बीते एक महीने से भी ज्यादा समय से स्टूडेंट्स द्वारा विरोध-प्रदर्शन किया जा रहा है। CJP के नेतृत्व में यह आंदोलन 20 जून को शुरू हुआ था, जिसमें प्रतियोगी परीक्षाओं में कथित गड़बड़ियों के लिए जवाबदेही तय करने, शिक्षा प्रणाली में सुधार के साथ ही शिक्षामंत्री प्रधान के इस्तीफे की मांग की जा रही है।